• Sun. Oct 19th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

गैर-किराया राजस्व में वृद्धि की दिशा में एक और नवाचार — गोला का मंदिर, ग्वालियर में रेल कोच रेस्टोरेंट का संचालन प्रारंभ

ByNeeraj sahu

Oct 7, 2025
गैर-किराया राजस्व में वृद्धि की दिशा में एक और नवाचार — गोला का मंदिर, ग्वालियर में रेल कोच रेस्टोरेंट का संचालन प्रारंभ
मंडल द्वारा मण्डल रेल प्रबन्धक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में  गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में वृद्धि एवं रेलवे परिसंपत्तियों के सृजनात्मक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक और उल्लेखनीय पहल की गयी  है। इसी क्रम में गोला का मंदिर, ग्वालियर में स्थापित रेल कोच रेस्टोरेंट का संचालन सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दिया गया है।
रेल कोच रेस्टोरेंट एक अभिनव पहल है, जिसमें पुराने रेल कोचों को रेस्टोरेंट के रूप में उपयोग हेतु किराए पर दिया जाता है। यह रेस्टोरेंट न केवल फूड लवर्स को रेल यात्रा जैसी अनुभूति प्रदान करता है, बल्कि रेलवे की सकारात्मक छवि को आम जनमानस / शहर के बीच विस्तारित करने का माध्यम भी बन रहा है।
इस रेस्टोरेंट में उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता वाला स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। शहर के मध्य स्थित होने के कारण यह रेस्टोरेंट तेजी से लोकप्रियता प्राप्त कर रहा है और लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।
रेल कोच रेस्टोरेंट, ग्वालियर से झाँसी मंडल को ₹.21.68 लाख वार्षिक रेल राजस्व प्राप्त हो रहा है, जिसका 05 वर्षों में कुल अनुबंध मूल्य रु. 1.28 करोड़ होता है I
यह पहल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का अनुभव उपलब्ध कराते हुए रेलवे के गैर-किराया राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित कर रही है।
रेल प्रशासन ऐसे नवाचारों के माध्यम से यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे परिसंपत्तियों के रचनात्मक एवं लाभकारी उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए, संगठन की आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
(2)
झांसी मंडल की मासिक पत्रिका ‘रेल दर्पण’ का विमोचन

झांसी, 05.10.2025। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा मासिक पत्रिका “रेल दर्पण” का विमोचन किया गया। यह पत्रिका झांसी मंडल की महत्वपूर्ण गतिविधियों, उपलब्धियों और नवाचारों को समर्पित है।

“रेल दर्पण” के माध्यम से मंडल की माहभर की प्रमुख गतिविधियों, विकास कार्यों, संरक्षा उपायों, स्वच्छता अभियानों, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहलों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। यह पत्रिका न केवल मंडल के कार्यों को संजोकर रखने का माध्यम है, बल्कि पारदर्शिता और संवाद को भी प्रोत्साहित करेगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि “रेल दर्पण” झांसी मंडल के कार्यों का प्रतिबिंब है। इसके माध्यम से मंडल की गतिविधियाँ व्यापक स्तर पर साझा होंगी और झांसी मंडल के साथ-साथ अन्य मंडल को भी हमारी उपलब्धियों एवं प्रयासों की जानकारी मिलेगी।

(3)
मुरैना–सिकरोदा रेलखंड पर समपार फाटक सं 451 पर ROB निर्माण कार्य में आई तेज़ी
गति शक्ति यूनिट ने मात्र दो घंटे में पूरा किया गर्डर लॉन्चिंग का मेजर कार्य
सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए बड़ी सौगात—झाँसी-बांदा रेलखंड पर समपार फाटक संख्या 440 के स्थान पर नया रोड अंडर ब्रिज तैयार

रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ आमजन की सुगमता एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसी क्रम में मण्डल रेल प्रबन्धक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी) प्रयागराज श्री अनामुल हक़ के निर्देशन में मुरैना–सिकरोदा रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 451 पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना – रोड ओवर ब्रिज (ROB) – का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

यह फाटक क्षेत्र का एक अत्यंत व्यस्त रेलवे समपार फाटक है, जिसका TVU 2.19 लाख है। सड़क उपयोगकर्ताओं की लगातार बढ़ती आवाजाही एवं बार-बार लगने वाले जाम को देखते हुए, गति शक्ति यूनिट द्वारा 54 मीटर स्पान का बो स्ट्रिंग टाइप ROB बनाया जा रहा है। यह परियोजना कुल 42.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही है।

निर्माण कार्य में उच्च दक्षता और समर्पण का परिचय देते हुए दिनांक 05.10.2025 को मुख्य परियोजना प्रबन्धक (गति शक्ति) श्री प्रदीप कुमार सिंह तथा उप मुख्य अभियंता (गति शक्ति), ग्वालियर  श्री सतीश दुबे द्वारा ROB निर्माण के अंतर्गत गर्डर लॉन्चिंग का अति महत्वपूर्ण कार्य किया गया। इस कार्य हेतु जहाँ प्रारंभिक योजना अनुसार दो दिन में पाँच घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक निर्धारित था, वहीं गति शक्ति यूनिट की प्रभावी योजना और तकनीकी निपुणता के चलते यह कार्य केवल एक दिन में मात्र दो घंटे में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।

इस उपलब्धि से यह स्पष्ट है कि भारतीय रेल न केवल अपने कार्यों में गति ला रही है, बल्कि गुणवत्ता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को भी सुनिश्चित कर रही है।

ROB के पूर्ण निर्माण के उपरान्त, मुरैना-सिकरोदा मार्ग से आवागमन करने वाले नागरिकों को प्रतिदिन लगने वाले जाम और प्रतीक्षा की समस्या से स्थायी निजात मिल जाएगी। यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

सड़क उपयोगकर्ताओं को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडल द्वारा एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। झाँसी-बांदा रेलखंड के अंतर्गत बरिपुरा और कबरई स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 440 पर रोड अंडर ब्रिज (RUB) का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और इसे आम जनमानस की सुविधा हेतु खोल दिया गया है।

रु. 6.13 करोड़ की लागत से निर्मित RUB संख्या 440 में 4.5 मीटर x 6 मीटर आकार के बॉक्स टाइप प्री-कास्ट सेगमेंट्स का उपयोग किया गया है। इस फाटक का ट्रैफिक यूनिट वॉल्यूम (TUV) लगभग 1.3 हज़ार है।

समपार फाटक के स्थान पर ROB/RUB के निर्माण से न केवल संरक्षा में वृद्धि होती है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी पूरी तरह समाप्त हो जाती हैं। साथ ही, गेटमैन के रूप में प्रयुक्त मैनपावर की आवश्यकता समाप्त हो जाने से संचालन व्यय में भी कमी आती है।

यह कार्य रेलवे प्रशासन के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जो रेल एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

(4)
झांसी मंडल पर स्वच्छता पखवाड़ा – 2025 के अंतर्गत व्यापक सफाई अभियान

झांसी, 05.10.2025। स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत झांसी मंडल पर विभिन्न स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियानों का आयोजन किया गया। इस दौरान डबरा, बांदा, महोबा, मुरैना एवं छतरपुर स्टेशनों पर खड़ी यात्री गाड़ियों की गहन सफाई सुनिश्चित की गई। इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा वातावरण प्रदान करना था।

डबरा स्टेशन पर पुणे – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल ट्रेन में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान संचालित किया गया। सफाई कर्मियों ने टॉयलेट, सीढ़ियाँ, सीटें, खिड़कियाँ, वॉश बेसिन एवं कोचों के अन्य हिस्सों की विशेष सफाई कर यात्रियों को बेहतर अनुभव देने का प्रयास किया। बांदा स्टेशन पर अहमदाबाद – आसनसोल एक्सप्रेस में सफाई मित्रों ने टॉयलेट, सीटें, सीढ़ियाँ और अन्य स्थलों की गहन सफाई की, जिससे यात्रियों को स्वच्छता का अनुभव मिला।

इसी क्रम में महोबा, मुरैना और छतरपुर स्टेशनों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। महोबा स्टेशन पर खड़ी यात्री गाड़ियों में टॉयलेट और कोचों की अतिरिक्त देखरेख की गई। मुरैना स्टेशन पर सफाई मित्रों ने सभी कोचों में सूक्ष्म सफाई कर स्वच्छ वातावरण तैयार किया। छतरपुर स्टेशन पर रेलगाड़ियों के अंदर और बाहर सफाई के साथ-साथ दुर्गंधनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया गया।

इन अभियानों के दौरान न केवल कोचों और टॉयलेट की सफाई की गई, बल्कि गाड़ियों की बाहरी धुलाई, कचरा निष्पादन, पंखों और लाइटों की साफ-सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ बनाया गया। यात्रियों को जागरूक करने के लिए घोषणाएँ, पोस्टर और संदेशों के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यात्रियों का भी कर्तव्य है। रेलवे और यात्री मिलकर ही इस अभियान को सफल बना सकते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक सतत जनआंदोलन है। रेलवे परिवार और यात्री जब मिलकर इसे आगे बढ़ाते हैं, तभी स्वच्छ भारत का लक्ष्य पूर्ण हो सकता है।

Jhansidarshan.in