• Sun. Oct 19th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

त्योहारों पर झाँसी रेल मंडल की विशेष तैयारियां – मंडल रेल प्रबंधक ने प्रेस कांफ्रेंस से की साझा

ByNeeraj sahu

Oct 18, 2025

त्योहारों पर झाँसी रेल मंडल की विशेष तैयारियां – मंडल रेल प्रबंधक ने प्रेस कांफ्रेंस से की साझा

भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा सुनिश्चित करने हेतु मंडल पूर्णतः सतर्क मोड पर

 

आज दिनांक : 18.10.2025 को मंडल रेल प्रबंधक सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने आगामी त्योहारों दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए झाँसी मंडल द्वारा बनायी गयी कार्ययोजना को प्रेस-मीडिया के समक्ष साझा किया । इन विशेष तैयारियों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुचारु एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने बताया मंडल पूर्णतः Alert Mode पर कार्यरत है तथा भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

 

त्योहारों की अतिरिक्त यात्री मांग को पूरा करने के लिए झाँसी मंडल द्वारा विशेष, मेला एवं अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के समयबद्ध संचालन हेतु नियंत्रण एवं परिचालन विभागों के मध्य सुदृढ़ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु 46 विशेष गाड़ियाँ संचालित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 25 ट्रेनें “ट्रेन ऑन डिमांड” के रूप में चलाई जा रही हैं, जिनमें से 07 ट्रेनें झाँसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों से प्रारंभ हो रही हैं। इस अवधि में बढ़ती भीड़ के प्रभावी प्रबंधन हेतु जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक सुरक्षा एवं नियंत्रण व्यवस्था लागू की गई है।

 

भीड़भाड़ वाले मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। टिकट बुकिंग प्रणाली (PRS) के आँकड़ों की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर और कोच जोड़ने की त्वरित व्यवस्था की जा सके। प्रमुख स्टेशनों — ग्वालियर (GWL), वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी (VGLJ), चित्रकूटधाम कर्वी (CKTD) एवं मुरैना (MRA) — पर अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि यात्रियों को टिकट खरीदने में विलंब न हो और उन्हें सहज सेवा प्राप्त हो सके।

 

यात्रियों के मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए सभी NSG-2, 4 एवं 5 श्रेणी के स्टेशनों पर फैसिलिटेटर्स नियुक्त किए गए हैं, जो यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही, सभी प्रमुख स्टेशनों पर “सहयोग काउंटर” अथवा “May I Help You” बूथ स्थापित किए गए हैं, जहाँ यात्रियों को यात्रा संबंधी त्वरित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त, 139 हेल्पलाइन पर सहायता माँगे जाने पर तत्काल टीटीई, मेडिकल किट या चिकित्सक की सेवा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके।

 

भीड़ नियंत्रण हेतु वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी एवं चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशनों पर अस्थायी “होल्डिंग एरिया” तैयार किए गए हैं, जिनमें बैठने की सुविधा, स्वच्छ पेयजल एवं उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु स्थापित “वार रूम” को मंडल नियंत्रण कार्यालय के मुख्य हॉल में स्थानांतरित किया गया है, जिससे बेहतर समन्वय एवं निगरानी सुनिश्चित हो सके।

 

यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए झाँसी मंडल द्वारा दीपावली पर्व पर पटाखे एवं अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के साथ यात्रा करने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अनुपालन हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीमें स्टेशनों और ट्रेनों में सघन तलाशी कर रही हैं। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे किसी भी प्रकार की खतरनाक सामग्री के साथ यात्रा न करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

मुख्य स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों द्वारा 24×7 निगरानी की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल एवं स्टेशन स्टाफ को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रमुख स्टेशनों पर ड्यूटी अवधि 12 घंटे की कर दी गई है तथा सुरक्षा बलों की छुट्टियाँ रद्द की गई हैं। रेलवे बोर्ड द्वारा चित्रकूट स्टेशन पर अतिरिक्त 30 आरपीएसएफ जवानों की तैनाती की गई है, जो बिहार की दिशा में जाने वाली ट्रेनों की विशेष निगरानी करेंगे। बीना, धौलपुर, इटावा आदि स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों में भी सघन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

 

चित्रकूट स्टेशन पर आगामी कार्तिक दीपावली अमावस्या मेले के अवसर पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक: 20.10.2025 से 23.10.2025 तक 02 मेला स्पेशल अनारक्षित गाड़ियों का सञ्चालन वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी –चित्रकूट धाम कर्वी – वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी के मध्य किया जा रहा है, इसके अतिरिक्त झाँसी-बांदा मेमू को चित्रकूट तक विस्तारित किया जा रहा है I

 

यात्रियों की सुविधा हेतु “रेल मदद”, वार रूम एवं विशेष कार्यदल (Special Task Force) गठित किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों एवं निरीक्षकों की तैनाती फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर की गई है, जिससे सुरक्षा एवं व्यवस्था बनी रहे।

 

आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा झाँसी मंडल द्वारा किए जा रहे व्यापक प्रबंधों की जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि मंडल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास कर रहा है ताकि पर्वों के दौरान किसी यात्री को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

 

अंत में, मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से विनम्र अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें, अपने सामान की सुरक्षा करें, अनुशासन बनाए रखें तथा रेलवे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इन सभी तैयारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी यात्रियों की दीपावली एवं छठ पर्व की यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आनंददायक हो।

 

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल बिजली अभियंता श्री अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री जे संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री विवेकानंद नारायण, जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह, मुख्य प्रचार निरीक्षक श्री प्रदीप सुड़ेले, वरिष्ठ जनसंपर्क निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार मिश्र उपस्थित रहे I

Jhansidarshan.in