• Sun. Jan 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

झाँसी रेल मंडल में हरित ऊर्जा से उल्लेखनीय बचत, डीजल खपत में कमी…

ByNeeraj sahu

Jan 5, 2026
 झाँसी रेल मंडल में हरित ऊर्जा से उल्लेखनीय बचत, डीजल खपत में कमी

झाँसी रेल मंडल द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के क्रम में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मंडल में सौर ऊर्जा के उपयोग तथा डीजल की खपत में कमी से वित्तीय एवं पर्यावरणीय दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ दर्ज की गई हैं।

नवंबर 2025 माह के दौरान झाँसी रेल मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों से कुल 82,050 यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया, जिससे मंडल को लगभग ₹4,42,093/- की बचत हुई। वहीं, अप्रैल 2025 से नवंबर 2025 तक सौर ऊर्जा से कुल 4,48,487 यूनिट विद्युत का उत्पादन हुआ, जिससे अब तक लगभग ₹16,12,615/- की संचयी बचत दर्ज की गई है।

इसके अतिरिक्त, रेलवे बोर्ड के निर्देशों के तहत लोको शटडाउन के माध्यम से हाई स्पीड डीजल (HSD) की बचत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दिसंबर 2025 माह में डीजल की बचत से झाँसी रेल मंडल को ₹1,05,95,772/- की आय बचत प्राप्त हुई है। अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक डीजल बचत के माध्यम से कुल ₹9.42 करोड़ की संचयी बचत दर्ज की गई है।

दिसंबर 2025 माह में मंडल द्वारा 523 किलो लीटर डीजल का उपयोग किया गया, जबकि दिसंबर 2024 में यह खपत 544 किलोलीटर थी। इस प्रकार डीजल खपत में 3.86 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झाँसी रेल मंडल ऊर्जा दक्षता, सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग तथा ईंधन संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन पहलों से न केवल राजस्व बचत सुनिश्चित हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।

2. झांसी मंडल ने स्क्रैप की बिक्री से वर्तमान वित्तीय वर्ष में 37.29 करोड़ रूपये का राजस्व अर्जित

झाँसी रेल मंडल द्वारा वर्ष 2025 के दौरान कार्यालयों, स्टेशनों एवं विभिन्न रेल परिसरों में सुव्यवस्था, स्वच्छता तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में एक व्यापक कबाड़ निष्कासन अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत अनुपयोगी एवं वर्षों से जमा कबाड़ को चरणबद्ध तरीके से हटाकर न केवल रेल परिसरों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया गया, बल्कि इससे उल्लेखनीय राजस्व भी अर्जित किया गया।

वर्ष 2025 में झाँसी रेल मंडल के विभिन्न कार्यालयों, स्टेशनों एवं अन्य स्थानों से कुल 7052 मैट्रिक टन स्क्रैप हटाया गया। इस कबाड़ के निपटान से मंडल को लगभग 37.29 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि संसाधनों के कुशल प्रबंधन और परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

स्क्रैप निस्तारण के इस प्रयास में झांसी मंडल ने मिशन जीरो स्क्रैप अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, रेलखंडों, डिपो, वर्कशॉप, शेड और अन्य रेलवे परिसरों से अनुपयोगी वस्तुओं को हटाने का विशेष अभियान चलाया। स्क्रैप में अनुपयोगी रेल, रेल पथ सामग्री, वैगन, कोच और लोहे के अन्य सामान शामिल हैं। स्क्रैप की बिक्री आईआरपीएस पोर्टल के माध्यम से नीलामी द्वारा की जाती है, जिससे अर्जित राजस्व का उपयोग रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास में किया जाता है।

इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर से भी व्यापक स्तर पर कबाड़ हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके अंतर्गत कुल 58 ट्रक अनुपयोगी सामग्री एवं कबाड़ हटाया गया। इस पहल से कार्यालय परिसर में कार्य वातावरण को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिली है।

कबाड़ निष्कासन अभियान से न केवल रेल परिसरों में स्थान की उपलब्धता बढ़ी है, बल्कि अग्नि सुरक्षा, कार्यस्थल सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी सामग्री के हटने से रखरखाव कार्यों में भी सुविधा हुई है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि झाँसी रेल मंडल द्वारा आगे भी इसी प्रकार योजनाबद्ध ढंग से कबाड़ निष्कासन, स्वच्छता एवं परिसंपत्ति प्रबंधन से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे रेलवे की कार्यक्षमता में वृद्धि के साथ-साथ राजस्व संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।

Jhansidarshan.in