मंडल रेल प्रबंधक झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में बिना टिकट यात्रियों की रोकथाम हेतु दिनांक-09.03.2026 को ललितपुर स्टेशन पर व स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज, गंदगी फ़ैलाने वालों के विरुद्ध विशेष जाँच की गई । जांच के दौरान 54 बिना टिकट यात्रियों से रु15,395/- रेल राजस्व वसूल किया गया |
इस जांच अभियान में ललितपुर स्टेशन पर टिकट चेकिंग स्टाफ श्री सुरेश चन्द्र वैश्य , ताज अब्बास, संजीव त्रिपाठी, कविता अग्रवाल, ज्योति साहू एवं मुख्य टिकट निरीक्षक/मुख्यालय श्री मनोहर लाल मीणा द्वारा बेहतर प्रदर्शन किया गया ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा ने बताया कि इस प्रकार की जांच मंडल में निरंतर जारी रहेंगे । अतः यात्रियों से अनुरोध है कि वह उचित यात्रा टिकट लेकर एवं निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करे तथा रेल परिसर में धुम्रपान एवं गंदगी न फैलाए ।
झांसी रेल मंडल में दिनांक 09.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 180वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने सभी अधिकारियों से अपने कार्यालयीन कार्य अधिक से अधिक हिंदी में करने का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यालय में प्रयोग किए जा रहे सभी कंप्यूटरों एवं लैपटॉप पर हिंदी के प्रयोग को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि राजभाषा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
बैठक के उपाध्यक्ष श्री नंदीश शुक्ल, अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जब भी निरीक्षण या दौरे पर जाएं तो संबंधित कार्यालयों में हिंदी की प्रगति का जायजा अवश्य लें और उसे अपने निरीक्षण नोट में भी दर्ज करें। इस अवसर पर मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह ने विभिन्न शाखाओं से प्राप्त राजभाषा प्रगति रिपोर्टों की विभागवार समीक्षा प्रस्तुत की तथा राजभाषा के प्रयोग को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
बैठक के सफल आयोजन में मंडल कार्यालय के राजभाषा विभाग में कार्यरत श्री भगवान दास, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अनुवादक, श्रीकांत शर्मा, वरिष्ठ अनुवादक तथा श्री राजेश त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज कुमार सिंह, राजभाषा अधिकारी द्वारा किया गया तथा अंत में श्रीकांत शर्मा, वरिष्ठ अनुवादक द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ बैठक संपन्न हुई।
मंडल रेल चिकित्सालय में दिनांक 09.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. सुनीता तिर्की के नेतृत्व में मंडलीय रेलवे चिकित्सालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों के उत्साहवर्धन हेतु श्रीमती गीता चौधरी ने एक प्रेरणादायी कविता प्रस्तुत की तथा सभी को महिला दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं श्रीमती आई. जेड. खान ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण पर आधारित एक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायी बना दिया।
इस अवसर पर डॉ. गुनानिधि, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. आर्य कृष्णा, डॉ. इशान खान, डॉ. आशुतोष, डॉ. विकास तथा डॉ. नितिन सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रीमती एच. एम. क्रोजर, श्रीमती पी. जयमणि, श्रीमती सलमा, श्रीमती पूजा हयारण, श्रीमती प्रिंसी तोमर, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शैलेंद्र संज्ञा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एस. डी. मंसूरी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक हरभजन, फार्मासिस्ट गुरजिंदर शर्मा, राकेश गुप्ता, प्रयोगशाला अधीक्षक राजेश, कंचन, इमरत, वसीम खान, पंकज, नेहा, एक्स-रे सहायक निशा तथा फिजियोथेरेपिस्ट सहित समस्त पैरामेडिकल स्टाफ की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में सहायक नर्सिंग अधिकारी सुनीता अहमद ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें और अधिक प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेलकर्मयोगियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया सम्मानित
वरिष्ठ समाजसेवी सुश्री नीति शास्त्री ने महिला सशक्तिकरण पर सेमिनार को किया संबोधित
यूपीएससी में 914वीं रैंक प्राप्त करने वाली आयुषी सिजरिया को किया गया सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में दिनांक 09 मार्च 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में महिला कर्मचारियों के योगदान और उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेलकर्मयोगियों को सम्मानित किया गया। राजपत्रित श्रेणी में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन की स्टेशन डायरेक्टर सुश्री सीमा तिवारी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त सम्मानित होने वाली महिला कर्मचारियों में लेखा विभाग से श्रीमती पूर्णिमा गौतम (सीनियर अकाउंटेंट/झांसी), इंजीनियरिंग विभाग से श्रीमती शाहीन परवीन (ट्रैक मेंटेनर-III/यार्ड/झांसी), वाणिज्य विभाग से श्रीमती बब्बना मिश्रा (डीवाई.सीटीआई/वीजीएलजे), कैरिज एवं वैगन विभाग से सुश्री मोनिका यादव (असिस्टेंट C&W/ग्वालियर), विद्युत/सामान्य विभाग से श्रीमती नाविक शामा रामकुमार (असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल/जनरल/ग्वालियर), डीजल लोको विभाग से श्रीमती सोनम वर्मा (टेक-III/डीएसएल/झांसी), टीआरएस विभाग से श्रीमती चेतना वर्मा (एसएसई/टीआरएस/झांसी), विद्युत परिचालन विभाग से श्रीमती भारती श्रीवास्तव (सीनियर एएलपी/झांसी), सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से प्रियंका शर्मा (टेक-III/सिग्नल/झांसी), टीआरडी विभाग से कुमारी वंशिका अग्रवाल (असिस्टेंट/टीआरडी/ललितपुर), परिचालन विभाग से कुमारी पूनम (डिप्टी स्टेशन मास्टर/कन्हा), आरपीएफ से श्रीमती नेहा मौर्य (लेडीज कॉन्स्टेबल), कार्मिक विभाग से श्रीमती योगिता मजूमदार (सीएचओएस/ईओ) तथा चिकित्सा विभाग से श्रीमती सुधा देवी (हॉस्पिटल अटेंडेंट/मंडलीय रेलवे चिकित्सालय/झांसी) शामिल हैं।
मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल की प्रगति में महिला कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी दक्षता, मेहनत और प्रतिबद्धता के बल पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने महिला कर्मचारियों के समर्पण, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए सभी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए धन्यवाद दिया तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा द्वारा सम्मान प्राप्त करने वाली महिला कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इसी प्रकार निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर झांसी रेल मंडल परिवार की सदस्य आयुषी सिजरिया को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 914वीं रैंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार एवं वैगन मरम्मत कारखाना के कारखाना प्रबंधक श्री अजय श्रीवास्तव द्वारा आयुषी और उनके परिवार को सम्मानित किया गया। आयुषी के पिता श्री सत्यप्रकाश सिजरिया सहायक मंडल अभियंता तथा माता श्रीमती नमिता वैगन मरम्मत कारखाना में कार्यरत हैं। यह उपलब्धि पूरे झांसी रेल मंडल परिवार के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में कार्मिक विभाग सभागार में महिला सशक्तिकरण विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में झांसी की वरिष्ठ समाजसेविका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सुश्री नीति शास्त्री ने मुख्य वक्ता के रूप में महिला कर्मचारियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में सुश्री नीति शास्त्री ने महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आत्मविश्वास, दक्षता और उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया।
सेमिनार में महिला कर्मचारियों को भारतीय रेल द्वारा HRMS पर शुरु किए गए “SHINE” मॉड्यूल के बारे में जानकारी दी गई। यह मॉड्यूल कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों और उसके रोकथाम के लिए सुरक्षित और गोपनीय डिजिटल मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला कर्मचारियों ने भी अपने विचार साझा किए तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करना, उन्हें प्रेरित करना तथा कार्यस्थल पर समान अवसर और सम्मान के वातावरण को प्रोत्साहित करना रहा। इस सेमिनार में लगभग 150 महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन श्री नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा समेत सभी ब्रांच अधिकारी मौजूद रहे।
गाड़ी संख्या 07337 हुबली–गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस स्पेशल दिनांक 09 मार्च 2026 से 30 मार्च 2026 तक प्रत्येक सोमवार को हुबली से शाम 18:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गडग, बदामी, बागलकोट, लातूर रोड, वाडी, सोलापुर, कुर्डुवाडी, दौंड, अहमदनगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति तथा बीना होते हुए झांसी मंडल में बुधवार को प्रवेश करेगी। इसके बाद यह ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (03:10/03:15 बजे), उरई (04:33/04:35 बजे), पुखरायां (05:13/05:15 बजे), कानपुर सेंट्रल (08:20/08:25 बजे), प्रयागराज जंक्शन (11:00/11:05 बजे), वाराणसी/बनारस (14:20/14:30 बजे), वाराणसी सिटी (14:45/14:47 बजे) तथा औंरीहार (15:20/15:22 बजे)स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए बुधवार को 16:15 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 07338 गाजीपुर सिटी–हुबली एक्सप्रेस स्पेशल दिनांक 12 मार्च 2026 से 26 मार्च 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को गाजीपुर सिटी से प्रातः 05:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन औड़िहार, वाराणसी सिटी, बनारस, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल,पुखरायां(15:25/15:27), उरई(16:10/16:12) तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (18:30/18:35 बजे) होते हुए बीना (21:20/21:25 बजे) पहुंचेगी और आगे रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर, अहमदनगर, दौंड, कुर्डुवाडी, सोलापुर आदि स्टेशनों से होते हुए शुक्रवार को 23:55 बजे हुबली पहुंचेगी।