जालौन के ग्राम चमारी में आज रविवार को एक भव्य कार्यक्रम के बीच माता प्रसाद पुस्तकालय का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन चर्चित पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ द्विवेदी द्वारा किया गया, जिसमें देश की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके साथ ही प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. विकास दिव्यकीर्ति भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में कवि, कथावाचक एवं प्रख्यात वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने भी मंच साझा किया और शिक्षा व ज्ञान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके अलावा लोकप्रिय स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान और फिल्म अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, छात्र-छात्राएं और शिक्षाविद भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि गांव में स्थापित यह पुस्तकालय शिक्षा को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को ज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
ग्राम चमारी में स्थापित माता प्रसाद पुस्तकालय को बुंदेलखंड क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल माना जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह पुस्तकालय विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को बेहतर अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण मिलेगा, जिससे वे अपनी पढ़ाई को नई दिशा दे सकेंगे। बुंदेलखंड में शिक्षा के क्षेत्र में यह पुस्तकालय निश्चित रूप से एक मील का पत्थर साबित होगा।
माता प्रसाद पुस्तकालय का किया गया लोकार्पण ,देश की नामचीन हस्तियों ने की शिरकत