• Sun. Mar 8th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

अवैध वेंडिंग संबंधी वायरल वीडियो पर रेलवे सुरक्षा बल की कार्रवाई

Byaaafmsbi

Mar 7, 2026
अवैध वेंडिंग संबंधी वायरल वीडियो पर रेलवे सुरक्षा बल की कार्रवाई

दिनांक 07 मार्च 2026 को एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक व्यक्ति ट्रेन के अंदर अवैध वेंडिंग करते हुए अपने ठेकेदार के माध्यम से कार्य करने तथा आरपीएफ व जीआरपी को पैसा देने की बात कहता हुआ दिखाई दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई।

प्रारंभिक जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान रवि यादव (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, ललितपुर के रूप में हुई। स्थानीय स्तर पर पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वह नशे का आदी है और कभी-कभी चोरी-छिपे ट्रेनों में चढ़कर खाद्य सामग्री बेचता है।

इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बीना से प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त व्यक्ति को बीना क्षेत्र में पकड़ा गया है और उसके विरुद्ध रेलवे एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान उसने आरपीएफ अथवा जीआरपी को किसी भी प्रकार की मंथली/पैसा देने की बात से इंकार किया है। जांच में वीडियो में लगाए गए आरोप मनगढ़ंत एवं असत्य पाए गए हैं।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अवैध वेंडरों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक रेलवे एक्ट की धारा 144 के अंतर्गत 135 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

(2). प्रेस नोट – 07.03.26
ट्रेन में अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्ध संयुक्त जांच में 06 वेंडर पकड़े गए

झांसी। दिनांक 07 मार्च 2026 को वाणिज्य नियंत्रक के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 07075 में अनाधिकृत रूप से ट्रेन साइड वेंडिंग का संचालन किया जा रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
गाड़ी के स्टेशन आगमन के समय लगभग 18:30 बजे संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच के दौरान 06 अनाधिकृत वेंडर पाए गए।

जांच में पाया गया कि इन वेंडरों के पास खाद्य सामग्री विक्रय से संबंधित किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।

जांच के दौरान वेंडरों के पास से पानी की बोतलें, वेज थाली, अंडा बिरयानी, समोसे, चाय का थर्मस, चिप्स, नमकीन एवं बिस्कुट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री बरामद की गई।

सभी अनाधिकृत वेंडरों को खाद्य सामग्री सहित झांसी स्टेशन पर उतारकर अग्रिम कार्रवाई हेतु हिरासत में लिया गया।

उक्त सघन जांच अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में भी चलाया गया, जिसके चलते एक अनाधिकृत वेंडर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ I

झांसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री वितरण और बेहतर सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों में अनाधिकृत वेंडिंग के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत वेंडरों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।

Jhansidarshan.in