भूमि पर कब्जे की कोशिश, प्लॉटिंग तोड़ी; पीड़िता ने खटखटाई एसएसपी की चौखट
झाँसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा इलाके में जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। वरिष्ठ नागरिक महिला ने एसएसपी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि आरोपी व्यक्ति ने न केवल उसकी जमीन पर अवैध दखल देने का प्रयास किया, बल्कि प्लॉटिंग के लिए लगाई गई ईंटें व बनवाई गई नालियां भी तहस-नहस कर दीं।
पीड़िता के अनुसार उसके पति के निधन के बाद ग्राम बूढ़ा स्थित पारिवारिक भूमि में उसका और उसके पुत्र लालू उर्फ वीरेंद्र का नाम सहखातेदार के रूप में दर्ज है। पीड़िता का दावा है कि वह अपने हिस्से की भूमि की वैध मालिक व काबिज है। शिकायत में आरोप है कि आरोपी की जमीन पीड़िता की भूमि से सटी हुई है।
पीड़िता द्वारा अपनी भूमि पर प्लॉटिंग कर सीमांकन हेतु ईंटें लगवाने और नालियां बनवाने का कार्य कराया जा रहा था। दिनांक 22 फरवरी 2026 की रात आरोपित ने दबंगई दिखाते हुए पीड़िता की जमीन पर जेसीबी से तोड़फोड़ कराई और प्लॉटिंग का सारा काम ध्वस्त कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि विरोध करने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि यदि दोबारा प्लॉटिंग की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
अब पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।