माल लदान में झांसी मंडल का दमदार प्रदर्शन — फरवरी में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट श्री नीरज भटनागर के नेतृत्व में माल ढुलाई और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए फरवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। मंडल ने पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
फरवरी 2026 के दौरान झांसी मंडल द्वारा माल ढुलाई से ₹82.85 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में अर्जित ₹56.59 करोड़ की तुलना में 46.41 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि मंडल की प्रभावी कार्यप्रणाली और बी डी यू (बिजनेस डेवलेपमेंट यूनिट) कर साथ वाणिज्य विभाग के बेहतर विपणन प्रबंधन को दर्शाती है।
माल लदान के क्षेत्र में भी मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फरवरी माह में 0.79 मिलियन टन (MT) माल लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 36.01 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
माल ढुलाई में प्रमुख योगदान पेट्रोलियम, सीमेंट,डी ओ सी, खाद्यान्न (Food Grain) के साथ अन्य उत्पादों की उल्लेखनीय क्षेत्र रहे। इसके अतिरिक्त फ्लाई ऐश, सीमेंट तथा कंटेनर परिवहन में भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई, जिससे मंडल के कुल राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
यदि संचयी उपलब्धियों की बात की जाए तो वित्तीय वर्ष 2025–26 में अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक झांसी मंडल द्वारा 8.31 मिलियन टन माल लदान करते हुए ₹858.83 करोड़ का कुल राजस्व अर्जित किया गया है। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.72 प्रतिशत अधिक है, जो मंडल की वाणिज्य क्षेत्र में निरंतर प्रगति का परिचायक है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समर्पित टीम भावना, बेहतर परिचालन रणनीति तथा ग्राहकों के साथ निरंतर समन्वय को दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झांसी मंडल इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
(2)
डीएफसी फीडर रूट पर एक और पुल का सफल प्रतिस्थापन, झांसी मंडल की महत्वपूर्ण उपलब्धि
झांसी रेल मंडल द्वारा अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 07 मार्च 2026 को झांसी–कानपुर रेलखंड के मलासा–लालपुर डाउन लाइन पर स्थित किमी 1302/2 पर बने पुराने स्टोन स्लैब ब्रिज (1×0.61 मीटर) को सफलतापूर्वक हटाकर उसकी जगह आधुनिक 1.9×2.29 मीटर के आरसीसी बॉक्स पुल से प्रतिस्थापित किया गया।
इस कार्य को संपन्न करने के लिए आज 13:05 बजे से 17:05 बजे तक कुल 4 घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया गया। निर्धारित समय के भीतर सभी तकनीकी कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए 17:05 बजे ब्लॉक क्लियर कर दिया गया और रेल यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) के फीडर रूट पर संरचनात्मक क्षमता और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से पुराने पुलों को आधुनिक संरचनाओं से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में यह 18वां पुल है जिसे सफलतापूर्वक प्रतिस्थापित किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि इस कार्य में इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को पूरा किया। इस प्रकार के कार्यों से रेल संरचना की मजबूती, सुरक्षा और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।