** डीएम एंव एसएसपी ने पर्वों एवं त्योहारों-नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली आदि के दृष्टिगत अधिकारियों एवं धर्म गुरुओं के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की
** पर्वों एवं त्योहारों का आगामी एक माह का समय संवेदनशील, इसके दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए
** दुर्गा पूजा आयोजन समितियों से संवाद के माध्यम से प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थान में करायी जाए, ताकि सड़क पर सामान्य यातायात प्रभावित न हो
** जनपद में 945 स्थानों पर विराजती दुर्गा प्रतिमाएँ,06 मेला लगेगें,06 इस स्थानों पर होगी रामलीला,05 राम बारात निकलेगी और 16 स्थानों पर रावण दहन होगा
** सभी आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के दिए निर्देश
** मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के समय पुलिस बल की तैनाती के लिए स्थानीय जरूरतों के मुताबिक रणनीति तैयार की जाए
** रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा, देर रात तक रामलीला के मंचन के दृष्टिगत सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
** पर्वों एवं त्योहारों के दौरान तय रोस्टर के अनुसार निरन्तर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
** त्योहारों के समय में स्वच्छता एंव साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया जाना सुनिश्चित करें
** किसी भी घटना को छोटा मानकर नजरअंदाज न किया जाए, सम्बन्धित पक्षों की समुचित सुनवाई कर समय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए
** संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर अवश्य पहुंचे, इससे अनेक समस्याओं का समाधान
जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा सिंह ने आज विकास भवन सभागार में पर्वों एवं त्योहारों-नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली आदि के दृष्टिगत धर्म गुरु एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि पर्वों एवं त्योहारों का आगामी एक माह का समय संवेदनशील है। एक माह त्योहार की उमंग से परिपूर्ण होंगे। बाजारों में भीड़ होगी। विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि की सहभागिता होगी। इसके दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए। जनपद स्तर पर कण्ट्रोल रूम सक्रिय कर कानून व्यवस्था की स्थिति पर निरन्तर नजर रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में परम्परागत रूप से 945 स्थलों में माँ दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त भी प्रतिमाओं की स्थापना होती है। दुर्गा पूजा आयोजन समितियों से संवाद के माध्यम से प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थान जैसे सार्वजनिक पार्क आदि में करायी जाए, ताकि सड़क पर सामान्य यातायात प्रभावित न हो। इस कार्यवाही में लोगों की आस्था और जनभावना का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के समय पुलिस बल की तैनाती के लिए स्थानीय जरूरतों के मुताबिक रणनीति तैयार की जाए। इस समय नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में मूर्ति विसर्जन के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके दृष्टिगत मूर्ति विसर्जन समितियों से संवाद कर अस्थायी तालाबों में मूर्तियों का विसर्जन कराया जाना उचित रहेगा। उन्होंने विसर्जन स्थल पर बैरिकेटिंग एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का भी सुझाव दिया।
जनपद में त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराए जाने हेतु समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है। इसमें बड़ी संख्या में आम जन सहभाग करते हैं। देर रात तक रामलीला का मंचन चलता रहता है। ऐसे में सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रामलीला पंडाल के आसपास सीसीटीवी कैमरे एवं फायर सेफ्टी सिस्टम लगाये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार पुलिस की तैनाती एवं पेट्रोलिंग कराए जाने सुझाव दिया। पर्व एवं त्योहार शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रबन्ध किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए।
उन्होंने कहा कि पर्वों एवं त्योहारों के दौरान तय रोस्टर के अनुसार निरन्तर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बिजली की अनावश्यक कटौती नहीं होनी चाहिए। त्योहारों के समय में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। ग्राम्य विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग व नगर विकास विभाग इस सम्बन्ध में जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आने वाले त्योहारों पर आम जन मानस को बधाई देते हुए कहा कि पारंपरिक रूप से ही त्योहार आयोजित हूं जहां पूर्व में प्रतिमा स्थापित की गई हैं वहीं प्रतिमा स्थापित की जाए,कोई नई परंपरा न डाली जाए।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने उपस्थित प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी घटना को छोटा मानकर नजर अंदाज न किया जाए। सम्बन्धित पक्षों की समुचित सुनवाई कर समय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पुलिस को अलर्ट मोड में रहना चाहिए। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर अवश्य पहुंचे। इससे अनेक समस्याओं का समाधान हो जाता है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा सिंह ने आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने हेतु पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षी अपनी तैनाती स्थल पर ही रहे।इसे अवश्य कड़ाई से सुनिश्चित किया जाये।
इस मौके पर पंडित अजय द्विवेदी, पंडित विष्णु दुबे, अंचल अरजरिया, मुकेश अग्रवाल, पंडित पीयूष रावत, विश्व हिन्दू परिषद से विनोद अवस्थी, नरोत्तम स्वामी, अतुल अग्रवाल, राजेश बिरथरे, गोकुल दुबे, याकूब अहमद मंसूरी आदि ने आने वाले त्योहारों के दृष्टिगत क्षेत्र में लटके हुए विद्युत तारों को ठीक करने, सड़कों को गड्ढा मुक्त कराए जाने, नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या का निराकरण करने तथा आयोजन स्थल पर पुलिस व्यवस्था को मजबूत किए जाने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर एसएसपी श्रीमती सुधा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, एसपी देहात गोपीनाथ सोनी, अपर नगर आयुक्त मोहम्मद कमाल, नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



