• Mon. Jan 26th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

छात्राएं व महिलाएं हैं मनचलों से परेशान,गांवों में नहीं चल रहा एंटी रोमियो अभियान :रि.- उदय एन. कुशवाहा

झांसी| यूपी में सत्ता आने के बाद सूबे के मुख्यमंत्री ने एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन कर प्रदेश की जनता को चौंका दिया था| उन्होंने कहा था कि महिलाओं का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे| प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने इस मामले को उछाला था| जनपद स्तरों पर टीमें गठित की गई थीं| पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित एंटी रोमियो स्क्वाड ने मजनुओं के होश उड़ा दिए थे| एंटी रोमियो टीम ने स्कूलों-कॉलेजों एवं धार्मिक स्थलों के आस पास पार्कों एवं व्यस्ततम मार्गों पर आने जाने वाली छात्राओं तथा महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले मजनुओं को ऐसा सबक सिखाया कि उनकी अक्ल ठिकाने आ गयी और दोबारा ऐसी हरकत करने के बारे में नहीं सोचा| लेकिन जनपद से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी रोमियो फुल एक्शन में है| जहां स्कूल आते जाते समय छात्राओं से छेड़छाड़ व छींटाकशी आम बात हो गई है| रोमियो के आतंक से महिलाओं का जीना दूभर हो गया है| शराबियों व असामाजिक तत्वों के जमावड़े के चलते और भी मुश्किलें बढ़ गई हैं| ग्रामीण लोग सूबे के मुखिया से गांव में एंटी रोमियो स्क्वायड लाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं| जिससे छात्राएं व महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस कर अच्छा जीवन जी सकें|

Jhansidarshan.in