• Wed. Oct 29th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

रेलवे छठ पूजा के बाद यात्रियों की वापसी यात्रा को सुगम बनाने के लिए तैयार

ByNeeraj sahu

Oct 28, 2025
रेलवे छठ पूजा के बाद यात्रियों की वापसी यात्रा को सुगम बनाने के लिए तैयार
मुख्य स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, बड़ी संख्या में टिकट काउंटर यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए हैं स्थापित

भारतीय रेल यात्रियों की त्योहारों की यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाने के लिए देशभर में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चला रही है। भारी त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए, प्रमुख स्टेशनों जैसे नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, उधना, पुणे, मुंबई, बेंगलुरु आदि पर सभी यात्री सुविधाओं से युक्त होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। रेलवे कर्मचारी चौबीसों घंटे यात्रियों का मार्गदर्शन करने, व्यवस्था बनाए रखने और सभी को सुरक्षित रूप से अपने घर तक पहुँचाने में जुटे हैं ताकि वे अपने परिजनों के साथ त्योहार मना सकें।
अब भारतीय रेल छठ पूजा के बाद यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक वापसी यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। 28 अक्टूबर से नवंबर माह के दौरान यात्रियों की वापसी यात्रा को सुगम बनाने के लिए 6181 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे लोग अपने कार्यस्थलों पर समय पर लौट सकें।
बढ़ती मांग को देखते हुए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया को मौसमरोधी बनाया गया है ताकि यात्रियों को ट्रेनों के प्रस्थान से पहले सुविधाजनक प्रतीक्षा स्थल मिल सके। बिहार के पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी आदि तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया और बनारस जैसे स्टेशनों पर ये व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVMs), पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) काउंटर और मोबाइल अनरिजर्व्ड टिकटिंग (m-UTS) सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है।
सुरक्षा और संचालन की सुचारू व्यवस्था के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है। यात्री सहायता बूथ, सूचना काउंटर, कतार प्रबंधन प्रणाली और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को भी और सशक्त किया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सैनिटेशन सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
रेल भवन, ज़ोनल और मंडल स्तर पर समर्पित वार रूम 24×7 कार्यरत हैं ताकि संचालन की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके और यात्रियों की किसी भी आवश्यकता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, सहरसा आदि स्टेशनों पर 24×7 मेडिकल बूथ स्थापित किए गए हैं ताकि किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके। राज्य सरकार, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन सेवाओं को तत्पर रखा गया है।
भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक यात्रा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस त्योहारी सीजन में समर्पण और सेवा भाव के साथ राष्ट्र की सेवा में तत्पर है।
(2)

छठ गीतों से गूंजायमान हुए झांसी मंडल के विभिन्न स्टेशन

स्टेशनों पर सुनाई दिए छठ के पारंपरिक गीत, भक्तिमय हुए यात्री

छठ पर्व का उत्सव अब रेलवे स्टेशनों पर भी अपनी सुमधुर छाप छोड़ रहा है। झांसी मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जैसे ही यात्री पहुंचे, उद्घोषणा प्रणाली से गूंजने लगे छठ पूजा के पारंपरिक गीत—

“केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव…”
“काँच ही बाँस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए…”
“मंगीला हम वरदान हे गंगा मइया…”

इन गीतों की मधुर धुनों ने स्टेशन परिसर को भक्तिमय और सांस्कृतिक माहौल से भर दिया है।

इस वर्ष भारतीय रेल द्वारा पहली बार ऐसे पारंपरिक लोकगीतों को स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है। झांसी मंडल के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, ओरई, टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, चित्रकूटधाम कर्वी सहित सभी प्रमुख स्टेशनों  पर छठ के गीत बजाए जा रहे हैं। यह पहल यात्रियों को न केवल अपने घर और संस्कृति से जोड़ रही है, बल्कि उन्हें एक भावनात्मक अनुभव भी प्रदान कर रही है।

छठ पूजा के अवसर पर हर वर्ष लाखों की संख्या में यात्री बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में अपने घरों की ओर लौटते हैं। इस बार भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों तथा हजारों नियमित ट्रेनों का संचालन किया है, जिससे सभी यात्री सुरक्षित और सुगमता से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

स्टेशनों पर छठ गीतों के प्रसारण से महिला यात्रियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कई महिलाएं इन गीतों को गुनगुनाते हुए यात्रा कर रही हैं। यह प्रयास भारतीय रेल की सांस्कृतिक संवेदनशीलता और यात्री अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक अभिनव कदम है।

छठ पर्व लोक आस्था का ऐसा उत्सव है जो लोकगीतों के बिना अधूरा माना जाता है। महिलाएं समूह में छठ मइया के गीत गाते हुए घाटों की ओर जाती हैं और सूर्यदेव तथा छठी मइया से अपने परिवार और समाज की समृद्धि की कामना करती हैं। इस बार झांसी मंडल के रेलवे स्टेशनों पर इन लोकधुनों की गूंज ने यात्रियों को घर की मिट्टी की खुशबू और अपनी संस्कृति की आत्मीयता का अनुभव कराया है।

(3)

भिंड एवं गोहद रेलवे स्टेशनों सहित भिंड गुड्स शेड और समपार फाटकों पर निर्माणाधीन कार्यों का वरिष्ठ रेल अधिकारियों द्वारा निरीक्षण

समपार फाटक संख्या 50, 30 एवं 28 पर बन रहे रोड ओवर ब्रिज का विस्तृत निरीक्षण

आज दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री पी.पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) श्री नीरज भटनागर तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (नॉर्थ) श्री अजय मीणा द्वारा भिंड रेलवे स्टेशन, निर्माणाधीन भिंड गुड्स शेड एवं गोहद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान समपार फाटक संख्या 50, 30 एवं 28 पर बन रहे रोड ओवर ब्रिज (ROB) का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों द्वारा गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के उपरांत सांसद श्री देवेंद्र थापक एवं उप मुख्य परियोजना प्रबंधक गतिशक्ति श्री राजेश्वर कुशवाहा  के साथ निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति पर संयुक्त बैठक आयोजित की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी अवलोकन किया और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन में भिंड एवं गोहद स्टेशनों सहित भिंड के निर्माणाधीन गुड्स शेड तथा रोड ओवर ब्रिज कार्यों की सतत समीक्षा की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुविधाओं और माल परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

Jhansidarshan.in