• Wed. Oct 29th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

रूद्राक्ष ने ड्रोन उड़ान में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, रचा इतिहास….

ByNeeraj sahu

Oct 23, 2025
रूद्राक्ष ने ड्रोन उड़ान में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, रचा इतिहास
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2025 में दर्ज हुआ नाम :० कोंच में हुआ सम्मान समारोह
जनपद जालौन के ग्राम बंदुआ के प्रतिभाशाली छात्र रूद्राक्ष निरंजन ने ड्रोन उड़ान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2025 में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है।
रूद्राक्ष, जो पद्मपाल सिंहानिया एजुकेशन सेंटर, कानपुर के कक्षा 12 के छात्र हैं, ने स्वयं द्वारा निर्मित ड्रोन को 7.266 किलोमीटर की दूरी तक उड़ाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस ऐतिहासिक उड़ान के साथ रूद्राक्ष ने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे जालौन जनपद,बुंदेलखंड और देश का नाम गौरवान्वित किया है।
45 दिनों की कड़ी मेहनत से तैयार हुआ हाई-स्पीड ड्रोन
रूद्राक्ष ने बताया कि उन्होंने यह ड्रोन लगभग 45 दिनों की मेहनत से तैयार किया।
ड्रोन की विशेषताएं –
•अधिकतम गति: 105 किलोमीटर प्रति घंटा
•कुल उड़ान अवधि: 18.6 मिनट
•वजन: 2.9 किलोग्राम
•चौड़ाई: 2.45 मीटर
•ऊंचाई: 1.05 मीटर
यह ड्रोन औसतन 1.6 किलोमीटर प्रति मिनट की रफ्तार से उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें कैमरा और एडवांस्ड सेंसर लगाए गए हैं, जो निगरानी, दुर्गम इलाकों की फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए उपयोगी हैं।
रूद्राक्ष ने बताया कि यह ड्रोन रिमोट कंट्रोल सिस्टम के माध्यम से 2 किलोमीटर तक की दूरी पर संचालित किया जा सकता है।
विद्यालय और परिवार में उल्लास का माहौल
रूद्राक्ष की इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।
संस्था प्रशासन ने उन्हें सम्मान पत्र और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।
उनके पिता डॉ. आर.के. निरंजन, जो कानपुर नगर निगम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, ने कहा –
“यह उपलब्धि न केवल मेरे बेटे के आत्मविश्वास की मिसाल है, बल्कि यह उसके लगन, नवाचार और अनुशासन का प्रमाण भी है।”
उन्होंने आगे कहा –
“रूद्राक्ष ने यह साबित किया है कि सफलता उम्र की नहीं, बल्कि जुनून और समर्पण की मोहताज होती है।”
कोंच में जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मान
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में कोंच के होटल आशीर्वाद में एक भव्य युवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन एवं एमएलसी प्रतिनिधि आर.पी. निरंजन ने रूद्राक्ष को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन ने कहा
“आज हम सब गर्व के साथ एक ऐसे युवा का सम्मान कर रहे हैं, जिसने अपने परिश्रम और नवाचार से भारत का नाम ऊंचा किया है। रूद्राक्ष जैसी प्रतिभाएं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बने रूद्राक्ष
रूद्राक्ष निरंजन की यह उपलब्धि इस बात का जीवंत उदाहरण है कि मेहनत, समर्पण और नवाचार के बल पर कोई भी युवा भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकता है।
कक्षा 12 का यह होनहार छात्र अब ड्रोन टेक्नोलॉजी और एरियल इनोवेशन के क्षेत्र में आगे शोध करने की इच्छा रखता है।
बाइट :० रुद्राक्ष निरंजन इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड 2025 में नाम दर्ज करवाने वाले होनहार छात्र
Jhansidarshan.in