• Wed. Oct 29th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा हेतु झाँसी मंडल की व्यापक तैयारियां

ByNeeraj sahu

Oct 28, 2025

छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा हेतु झाँसी मंडल की व्यापक तैयारियां
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और स्वच्छता का लिया जायजा

झाँसी, 26 अक्टूबर 2025:
छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यातायात मांग को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे के उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल द्वारा समुचित एवं व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना मंडल का प्रमुख उद्देश्य है।

इसी क्रम में आज मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं, सूचना प्रणाली और स्टाफ की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यात्री विशेष गाड़ियों के प्रस्थान पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का परीक्षण करते हुए ऑन ड्यूटी स्टाफ की सक्रियता की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर अनुपयोगी डिस्प्ले कियोस्क को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश भी दिए ताकि स्टेशन परिसर अधिक सुव्यवस्थित एवं उपयोगी बन सके।

झाँसी मंडल से इस अवधि में 53 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जो कि दिल्ली (ह. निजामुद्दीन), मुंबई, वाराणसी, प्रयागराज, बलिया, अयोध्या, मुजफ्फरपुर, बरौनी और आसनसोल जैसे प्रमुख गंतव्यों को जोड़ती हैं। यात्रियों की सुविधा एवं मांग के अनुरूप ट्रेन संचालन की सतत निगरानी की जा रही है।

इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा 7 विशेष ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है, जिनमें से 6 ट्रेनें वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन से तथा 1 ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से रवाना होंगी। इन ट्रेनों में आज यात्रियों की उल्लेखनीय भीड़ दर्ज की गई, जिससे छठ पर्व पर रेल यात्राओं की बढ़ती लोकप्रियता स्पष्ट परिलक्षित होती है।

त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मंडल ने यात्रियों की सहूलियत के लिए दो एकतरफा अनारक्षित विशेष ट्रेनें (Train on Demand) भी चलाई हैं, जो वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी से
निजामुद्दीन के बीच संचालित होंगी —

1️⃣ ट्रेन संख्या 04185 वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी – निजामुद्दीन अनारक्षित विशेष
(प्रस्थान: 26.10.2025, समय: 15:45 बजे)

2️⃣ ट्रेन संख्या 04187 वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी –
निजामुद्दीन अनारक्षित विशेष
(प्रस्थान: 26.10.2025, समय: 20:00 बजे)

इन ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अधिक विकल्प, सहजता और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

यात्रियों की सहायता के लिए झाँसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें 24×7 सक्रिय ड्यूटी पर तैनात हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्टेशन पर निगरानी रख रहे हैं, ताकि किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी सहायता या जानकारी के लिए हेल्प डेस्क अथवा ऑन-ड्यूटी रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करें।

Jhansidarshan.in