विकास कार्यक्रमों में झांसी मण्डल फिर अव्वल, छठवी बार पहली रैंक बरकरार
मण्डल के साथ जनपद झांसी भी पहले पायदान पर, जिलाधिकारी झांसी को बधाई
मंडलायुक्त की रणनीति से निरन्तर मिल रही कामयाबी
विकास कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हमारी प्राथमिकता: डॉ अजय शंकर पाण्डेय
झाँसीः उत्तर प्रदेश सरकार के विकास एजेंडा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में झांसी मण्डल को प्रदेश में छठवी बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जबकि वित्तीय वर्ष 2022-23 के शुरुआत में भी पहला स्थान पाया है। यह ना सिर्फ झांसी मण्डल के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह दर्शाता है कि सरकार के विकास एजेंडा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के प्रति मण्डल प्रशासन तथा मण्डल में जनपदों के जिलाधिकारी प्रभावी कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में इस नये वित्तीय वर्ष के शुरुआत में झांसी जनपद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है जिससे झांसी मण्डल व जनपद झांसी दोनो शीर्ष स्थान पर है।
ज्ञातव्य है कि कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा प्रदेश के मंडलों की रैंकिंग जारी की गई, जिसमें झांसी मण्डल को छठवी बार प्रथम स्थान पर, विध्यांचल मण्डल दूसरे स्थान पर व गोरखपुर मण्डल तीसरे स्थान पर है। झांसी मण्डल को 85.49 प्रतिशत तथा विंध्याचल मण्डल को 77.50 प्रतिशत व गोरखपुर को 73.56 प्रतिशत अंक प्राप्त हुये है।
नये वित्तीय वर्ष 2022-23 में जनपद झांसी ने प्रथम स्थान, जनपद ललितपुर ने तीसरे स्थान व जनपद जालौन पांचवें स्थान पर है। इस पर मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों की अच्छी ग्रेडिंग प्राप्त होने पर झांसी, ललितपुर व जालौन के जिलाधिकारियों को बधाई दी। विशेषकर जनपद झांसी को प्रथम स्थान मिलने पर जिलाधिकारी झांसी रविन्द्र कुमार को बधाई दी है।
मंडलायुक्त डॉ अजय शंकर पाण्डेय ने बताया कि यह बहुत खुशी की बात है कि मण्डल को छठवी बार पहली रैंक मिली, इसके लिए सभी अधिकारी बधाई के पात्र है। उन्होंने बताया कि कार्य मूल्यांकन के लिए एक रणनीति बनाई गई है, जिसमें त्रिस्तरीय समीक्षा की जाती है, जो विभाग बेहतर कार्य कर रहे थे उन्हें उसी गति से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया और जो विभाग रैंकिंग में पिछड़े थे उन विभागों के अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए जाते हैं। नतीजतन झांसी मंडल प्रदेश के अव्वल मंडलों में श्रेष्ठ मंडल चुना गया है।
मण्डलायुक्त ने बताया कि भविष्य में इसी तरह सुधार की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी। हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश सरकार के विकास एजेंडा कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो। मण्डलायुक्त ने कहा कि कार्य संस्कृति में सुधार लाना हमारी प्राथमिकता है, सभी विभाग अपने कर्मचारियों के साथ इस प्रकार कार्य करें ताकि स्वीकृत योजनाओं का जनहित में सफल क्रियान्वयन संभव हो सके।