हल्दी लगाए दुल्हन पहुंची थाने: चचेरे भाई पर दूल्हे को गोली मारने की धमकी का आरोप
मोठ (झांसी)। मोंठ थाना क्षेत्र के पावई गांव में एक शादी समारोह के दौरान हल्दी की रस्म के बीच अचानक विवाद हो गया। झगड़े के बाद हल्दी लगाए दुल्हन को ही पुलिस से शिकायत करने के लिए थाने का रुख करना पड़ा। दुल्हन ने अपने ही चचेरे भाई पर गाली-गलौज, मारपीट और दूल्हे को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, पावई गांव निवासी घनश्याम दास की बेटी पूजा की शादी निवाड़ी जनपद के जुगयाई गांव निवासी धर्मेंद्र के साथ तय हुई है। मंगलवार को घर में शादी की तैयारियों के बीच पूजा की हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान उसका चचेरा भाई शराब के नशे में वहां पहुंच गया और पूजा के भाई से किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के साथ मारपीट की स्थिति बन गई।
परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक ने हंगामा करते हुए यह तक कह दिया कि यदि बारात गांव में आई तो वह दूल्हे को गोली मार देगा। इस धमकी से शादी के घर में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
अपने भाई का हंगामा और धमकी सुनकर हल्दी की रस्म में बैठी दुल्हन पूजा घबरा गई। हल्दी के रंग में रंगी हुई ही उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया और पीड़ित पक्ष को थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
इसके बाद पूजा और उसके परिजन मोंठ थाने पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
बता दें कि बुधवार को पूजा की शादी है और इसी दिन बारात गांव पहुंचेगी, जहां टीका सहित अन्य रस्में पूरी की जाएंगी। गुरुवार को उसकी विदाई होनी है। ऐसे में परिवार के लोग शांति और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
इस संबंध में हल्का इंचार्ज उप-निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि एक युवक ने अपनी ही चचेरी बहन की हल्दी की रस्म के दौरान शराब के नशे में रिश्तेदारों से झगड़ा किया और हंगामा किया है। शिकायत मिलने के बाद आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शादी के दौरान पुलिस समय-समय पर गांव में गश्त करेगी ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो।