कांग्रेस के पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी पुत्र सहित सपा में हुए शामिल
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात करने के बाद थामा सपा का दामन
वर्तमान में प्रियंका गांधी के सलाहकार समिति में थे शामिल
विधानसभा 2022 चुनाव से पहले कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता, उरई के पूर्व विधायक, प्रियंका गांधी के सलाहकार समिति के सदस्य विनोद चतुर्वेदी ने अपने पुत्र सहित समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात करने के बाद समाजवादी पार्टी का दामन थामा है। विनोद चतुर्वेदी के शामिल होने से एक तरफ सपा में जोश एवं उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं कांग्रेस की बुंदेलखंड की मजबूत कड़ी अब टूट सी गई है। विनोद चतुर्वेदी ने अखिलेश यादव से गुरुवार को मुलाकात की, इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थामा है। विनोद चतुर्वेदी मूलरूप से उरई तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम ऐर गांव के रहने वाले हैं, लेकिन बाद में वह उरई शहर के इंदिरा नगर में निवास बनाकर रहने लगे। विनोद चतुर्वेदी के राजनीतिक सफर की बात की जाये, तो वह सन 1982 में ऐर गांव से पहली बार प्रधान निर्वाचित हुए थे, जिसके बाद सन् 1986 से 91 तक वह जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे। सन 1988 में उन्हें जालौन डिस्टिक कोऑपरेटिव बैंक का निदेशक नियुक्त किया गया। सन 1991 से 2005 तक वह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे और 2003 में उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सदस्य भी बनाया गया। 2002 में उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। 2007 में फिर उन्हें कांग्रेस ने टिकट दिया और इस बार वह उरई विधानसभा सीट से चुनाव जीते और 2007 में पहली बार विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे। उसी वक्त उन्हें कांग्रेस कमेटी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था, 2013 में उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न प्रदेशों में लोकसभा व विधानसभा समन्यवक बनाया गया, बाद में वह राजस्थान, हिमाचल प्रदेश के लोकसभा समन्वय बनाए गये, इसके अलावा उन्हें राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू एंड कश्मीर का विधानसभा समन्वय बनाकर भेजा गया था। 2013 में जोनल कोऑर्डिनेटर लोकसभा मध्य उत्तर प्रदेश और 2014 में पुनः उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस का नियुक्त किया गया। 2016 से 19 तक विनोद को कांग्रेस ने वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया और 2019 से अभी तक विनोद चतुर्वेदी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी वाड्रा के सलाहकार परिषद के सदस्य हैं, साथ ही उन्हें 2020 में पंचायती राज चुनाव का सदस्य बनाया गया था, इसके अलावा 2021 में सदस्य तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का चुनाव समिति का सदस्य बनाया गया था, सपा में शामिल होने से कांग्रेस की मजबूत डोर टूट गई है, चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में शामिल होने से सपाइयों में नया जोश बढ़ गया है वहीं सपा को एक ब्राह्मण चेहरा भी मिला है, उम्मीद लगाई जा रही है। वही बता दें कि विBनोद चतुर्वेदी ने कांग्रेस से 2012 और 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में माधौगढ़ विधानसभा से चुनाव लड़ा था, लेकिन यहां पर उन्हें करारी मात मिली थी।