झाँसी। नबाबाद थाना क्षेत्र में अतिक्रमण किये गए मंदिर को हटाने गयी नगर निगम की टीम पर गुस्साए हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। हमले में अपर नगर आयुक्त की पिटाई होने की भी खबर है।
मामला नबाबाद थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास स्थित नयी तहसील के पास का है। जहाँ पर एक हनुमान मंदिर बना हुआ है। नगर निगम की टीम को मंदिर द्वारा अतिक्रमण करने की सूचना मिली थी। जिस पर आज दोपहर अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में सम्पत्ति अधिकारी, सीओ सिटी अपनी टीम के साथ अतिक्रमण हटाने मंदिर पहुँच गये। इसी बीच सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश महामंत्री अंचल अड्जरिया, जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुँच गये और नगर निगम द्वारा की जा रही कार्यवाही का विरोध करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गयी। देखते ही देखते तीखी झड़प हाथापाई और मारपीट में तब्दील हो गयी। सम्पत्ति अधिकारी पुष्पराज गौतम के कपडे फट गये तो वहीं अपर नगर आयुक्त को किसी प्रकार घटना स्थल से निकाला गया। किसी प्रकार दोनों पक्षो को शांत कराया गया। नगर निगम की टीम नगर निगम परिसर में वापस आ गयी और हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता वहीं पर धरने पर बैठ गए। नगर निगम की टीम पर हमले की सूचना नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया को दी गयी। जिस पर नगर आयुक्त ने सभी ननि कर्मियों को नगर निगम परिसर में एकत्र कर लिया। सूचना पर भारी संख्या में सफाई कर्मी भी नगर निगम पहुँच गये। बताया गया है कि सफाई कर्मी अपने हाथों में लाठी डंडे लेकर नगर निगम पहुंचे। जिसकी सूचना सोशल मीडिया द्वारा सभी जगह फैल गयी। लेकिन इस सूचना के बाद भी पुलिस प्रशासन हरकत में नहीं आया और नगर निगम परिसर में लाठी डंडे एकत्र होते रहे।
कुछ ही देर में नगर निगम के सफाई कर्मी सहित समस्त कर्मचारियों ने पुनः विवादित स्थल की ओर कूच कर दिया। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गयी। लेकिन पुलिस प्रशासन का उसके बाद भी इस और कोई ध्यान नहीं गया। कुछ ही देर में नगर निगम की टीम ने विवादित घटना स्थल पर बैठे विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं पर लाठी डंडे और पत्थर से धावा बोल दिया। जबाब में विश्व हिन्दू परिषद द्वारा भी पत्थरबाजी की गयी। देखते ही देखते नयी तहसील के पास भगदड़ मच गयी और जमकर पथराव बाजी होने लगी। जिसे देख पुलिस तथा प्रशासन के हाथ पैर फूल गये। सूचना पर जनपद के कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुँच गया। दोनों पक्षों की ओर से हुए इस खूनी संघर्ष पर विहिप कार्यकर्ता पंकज गुप्ता समेत कार्यकर्ता घायल हो गए। वही नगर निगम कर्मी भी घायल बताये जा रहे हैं। किसी प्रकार मामले को शांत कराया गया है।
वहीं नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों और टीम के साथ गुंडई हुई है। ननि अफसरों को दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दे दिए गए हैं। तो वही विहिप के अंचल अड्जरिया ने बताया कि उन्होंने थाने में ननि कर्मियों के खिलाफ सम्बंधित थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
वहीं पूरे मामले को संज्ञान में लेने के बाद मण्डलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव तथा जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मण्डलायुक्त ने बताया कि विहिप द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए प्रशासन तथा पुलिस की एक टीम को गठित कर दिया गया है जो एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी। उसके बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।
रिपोर्ट-आयुष साहू