• Tue. Jan 27th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

मुख्यमंत्री जी ने दी जनपद को मिनी स्टेडियम की सौगात,मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताआंें में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित

ByNeeraj sahu

Oct 10, 2025
मुख्यमंत्री जी ने दी जनपद को मिनी स्टेडियम की सौगात
*मा0 मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताआंें में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित
*खेल प्रतिस्पर्धायें व्यक्ति के सर्वागीण विकास के साथ रखती है, उसे आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर करने की क्षमता: मा0 मुख्यमंत्री जी*
*प्रत्येक भारतवासी को देना चाहिए विकसित भारत की संकल्पना को साकार बनाने में अपना सहयोग*
*वीरांगना लक्ष्मीबाई की धरती से प्रत्येक नागरिक राष्ट्रीयता की भावना की प्रेरणा*
*विद्या भारती भारत की परम्परा, संस्कृति, अभिनव एवं आदर्शो को जाग्रत करने वाली अग्रणी संस्था*
*विद्या भारती के खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभाओं को दिलाई देश-विदेश में अनौखी पहचान*
*वीरांगना लक्ष्मीबाई का शौर्य एवं बलिदान राष्ट्रीयता के भाव का प्रमुख कारक*
*खिलाड़ी के लिए खेल जीत-हार का माध्यम नहीं है अपितु हौसला वृद्धि का साधन है*
———————-
            झांसी। आज मा0 शिक्षक विधायक झांसी-प्रयागराज डाॅ0 बाबूलाल तिवारी की अध्यक्षता में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्तर्गत 36 वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह-2025 का समापन कार्यक्रम भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर काॅलेज, झांसी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री, उ0प्र0 सरकार श्री योगी आदित्यनाथ जी मुख्य अतिथि एवं मा0 क्षेत्रीय मंत्री विद्या भारती पूर्वी उ0प्र0 डाॅ0 सौरभ मालवीय तथा मा0 सदस्य विधान परिषद उ0प्र0 श्रीमती रमा निरंजन विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहे।
           कार्यक्रम का शुभारम्भ मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती जी के चित्र पर दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर किया गया, तत्पश्चात सरस्वती बालिका विद्या मन्दिर की छात्राओं द्वारा सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की गयी एवं विद्यार्थी परिषद के विद्यार्थियों द्वारा समूहगान प्रस्तुत किया गया।
         कार्यक्रम में मा0 क्षेत्रीय मंत्री विद्या भारती पूर्वी उ0प्र0 डाॅ0 सौरभ मालवीय ने समारोह वृत्त निवेदन एवं प्रस्ताविकी प्रस्तुत करते हुये कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य छात्रों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों के अनुसार शिक्षित कर उन्हें जिम्मेदार, चरित्रवान और देश के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है, जिससे वह राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान प्रदान कर सके। इसके साथ ही विद्या भारती गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने एवं छात्रों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान केन्द्रित करते हुये विश्व कल्याण के लिए नये भारत के निर्माण का कार्य करती है।
          कार्यक्रम में मा0 शिक्षक विधायक झांसी-प्रयागराज डाॅ0 बाबूलाल तिवारी ने बताया कि विद्या भारती भारत का सबसे बड़ा अशासकीय शिक्षा संगठन है, जिसकी स्थापना 1977 में हुई थी। इसका उद्देश्य छात्रों को भारतीय मूल्यों और संस्कृति के अनुरुप शिक्षा प्रदान करना है। उन्होने बताया कि विद्या भारती की शुरुआत 1952 में गोरखपुर में हुये सरस्वती शिशु मन्दिर से हुई और 1977 में इसे राजकीय स्तर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान का नाम दिया गया, यह संगठन देश भर में फैला हुआ है, जिससे 86 से अधिक प्रान्तीय समितियां जुड़ी हुई हैं, जिसके अन्तर्गत लगभग 25 हजार शिक्षण संस्थान संचालित है, जिनमें लगभग 34 लाख छात्र अध्ययनरत है।
           विद्या भारती पूर्वी उ0प्र0 के 36 वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह 2025 के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अन्य मंचासीन अतिथियों द्वारा खेल विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी देवेन्द्र सिंह, शीलू यादव, रुद्रिका सिंह, आदेश सिंह, मो0 शहंशाह, अभिषेक यादव, बसन्त कुमार, संध्या राजपूत, अजीत सिंह, विमल चन्द्र दुबे, छुटकू सेन, पल्लवी सिंह, अनिल कुमार, करन गुप्ता एवं सविता चैरसिया को सम्मानित किया गया।
         समारोह को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने विद्या भारती शिक्षण संस्थान के समस्त पदाधिकारियों, प्राचार्यो एवं आचार्यो को 36 वें खेलकूद समारोह के आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कहा कि विद्या भारती देश के भीतर भारत की परम्परा एवं संस्कृति के प्रति अभिनव और आदर्शो का भाव उत्पन्न करने वाली देश की अग्रणी संस्था है। यह हमारा सौभाग्य है कि आज देश भर में शिक्षा के औपचारिक और अनौपचारिक 25 हजार से भी अधिक केन्द्र विद्या भारती के भारतीय शिक्षा संस्थानों द्वारा संचालित किये जा रहे है। इसका बीजारोपण बाबा गोरखनाथ जी पावन धरा गोरखपुर में नानाजी देशमुख के द्वारा किया गया। विद्या भारती समूह ने देश के भीतर राष्ट्रीय मूल्यों के अनुरुप शिक्षा देने, भारतीय शिक्षा के अनुरुप भारत के महापुरुषों को सम्मान देने एवं शिक्षा को आगे बढ़ाने का कार्य किया, जिसके परिणाम स्वरुप प्रदेश के साथ-साथ सम्पूर्ण देश में भी भारतीय मूल्यों के प्रति प्रेरणा प्रदान करने का कार्य विद्या भारती द्वारा किया जा रहा है।
         उन्होने बताया कि झांसी का क्षेत्र बुन्देलखण्ड में ओरछा के दादा भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रृद्धा और आस्था के लिए जाना जाता है। 2016 में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में विद्या भारती को स्वच्छता की ट्राॅफी प्रदान की गयी। 2018 में संस्थान से जुड़े हुये बालक-बालिकाओं ने पदक तालिका में ऊंची छलांग लगाते हुये मैडल और फेडरेशन का पुरस्कार प्राप्त किया। 2019-20 में विद्या भारती के खिलाड़ियों ने 80 स्वर्ण पदक, 86 रजत पदक एवं 201 कांस्य पदक प्राप्त कर स्कूल गेम्स की तालिका में छटवां स्थान प्राप्त किया और 2018 में नई दिल्ली में अंडर 17 खिलाड़ियों में इण्डिया बास्केट प्रतियोगिता में संस्थान के छात्र अभिषेक सिंह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया और प्रत्येक वर्ष खेलो इण्डिया यूथ गेम्स में विद्या भारती के खिलाड़ी पदकों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित वल्र्ड स्कूल गेम्स एवं एशियन गेम्स में रविन्द्र पटेल, दीपक कुमार, रामचन्द्र, कुलदीप यादव एवं विपिन कुमार जैसे विद्या भारती के होनहार खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुये पदक प्राप्त किये। काॅमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, ओलम्पिक एवं पैरा-ओलम्पिक गेम्स में भी आज विद्या भारती के खिलाड़ियों ने पदक प्राप्त कर रहे है।
         झांसी 1857 के समर की वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की धरती है। देश में राष्ट्रीयता का भाव वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई जी के शौर्य एवं बलिदान में स्पष्ट रुप से दिखाई देता है। झांसी में हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द्र को भी जन्म दिया, इनके नेतृत्व में भारत की हाॅकी टीम ने ओलम्पिक में स्वर्ण पदक प्राप्त करने का कार्य किया। भारत सरकार द्वारा खेल का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द्र जी के नाम पर ही रखा गया है। उ0प्र0 सरकार ने झांसी की धरती के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए मेजर ध्यानचन्द्र के नाम पर प्रथम स्पोर्ट यूनिवर्सिटी बुन्देलखण्ड में बनाने का कार्य किया है, जिसमें इसी सत्र से प्रवेश की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गयी है।
          मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देशवासियों के सामने विकसित भारत का संकल्प लिया है। यह संकल्प मा0 प्रधानमंत्री जी का नहीं अपितु प्रत्येक भारतवासी का संकल्प है। प्रत्येक भारतवासी का यह दायित्व बनता है वह विकसित भारत की संकल्पना को पूरा करने में अपना सहयोग प्रदान करें। भारत को विकसित बनाने में प्रत्येक व्यक्ति का शारीरिक रुप से स्वस्थ होना प्रथम आवश्यकता है। धर्म के अनुपालन के सभी साधन स्वस्थ्य शरीर से भी सम्भव हो सकते है। पूर्व में उत्तर प्रदेश के बाहर, उ0प्र0 के नागरिकों की पहचान पर संदेह किया जाता था, वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के पश्चात आज उत्तर प्रदेश भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन कर देश की अर्थव्यवस्था में द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुका है और आने वाले समय में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए अपने प्रयासों को आगे बढ़ा रहा है। आज का यह समारोह स्वतन्त्र भारत एवं विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण साधन है।
         देश में मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में खेल एवं खेलकूद की प्रतियोगिता को आगे बढ़ाने के लिए अनेक अभियान प्रारम्भ किये गये है। खेलो इण्डिया खेलो कार्यक्रम, विन इण्डिया वूमेन कार्यक्रम, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का कार्यक्रम, प्रत्येक जनपद में खेलों इण्डिया का सेंटर स्थापित करने का कार्यक्रम तथा उ0प्र0 सरकार द्वारा प्रत्येक गांव में एक खेल का मैदान, प्रत्येक विकास खण्ड में मिनी स्टेडियम, जनपद में स्टेडियम और नगर निकाय में ओपन जिम बनाने का कार्य किया जा रहा है। खेल अब खिलाड़ियों के लिए अपने आप में एक सम्मानपूर्ण जीवन पद्वति बन चुका है। पूर्वी उ0प्र0 के 450 की संख्या में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आये हुये खिलाड़ी इस बात के साक्षी है कि वह खेलो इण्डिया से जुड़े हुये है। खिलाड़ी के लिए खेल जीत-हार का माध्यम नहीं, अपितु हौसला वृद्धि का एक प्रमुख साधन है। उ0प्र0 सरकार द्वारा पिछले 03 वर्षो में अन्तर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले 500 खिलाड़ियों को प्राप्त पदकोें के आधार पर सरकारी नौकरियों से सीधे तौर पर जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही उ0प्र0 सरकार द्वारा हाॅकी में एकल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 06 करोड़, रजत पदक पर 04 करोड़ एवं कांस्य पदक पर 02 करोड़ की पुरस्कार राशि, ओलम्पिक टीम गेम्स में स्वर्ण पदक पर 03 करोड़, रजत पदक पर 02 करोड़ एवं कांस्य पदक पर 01 करोड़, एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर 03 करोड़, रजत पदक पर 1.5 करोड़ और कांस्य पदक पर 75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि विजेता प्रतिभागी को राज्य का खिलाड़ी होने पर दी जाती है।
         मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए जो भी खिलाड़ी खेल पर अपना समय और पैसा वहन करेगा उनका श्रम कभी भी व्यर्थ नहीं जाने दिया जायेगा, वह खेल के माध्यम से भी अपने जीवन को सजा और संवार सकता है। भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर काॅलेज परिसर खेल प्रतिभागियों की प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए एक अच्छा प्रांगण है। मा0 मुख्यमंत्री जी ने घोषणा करते हुये कहा कि राज्य सरकार की ओर से यहां पर एक मिनी स्टेडियम बनाया जायेगा, जिससे आने वाले समय में यहां की खिलाड़ियों को और अधिक प्रतिभावान बनाया जा सके।
          36 वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह समापन अवसर पर मा0 जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, मा0 राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन श्री मनोहर लाल पंथ, मा0 राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) सभापति उ0प्र0 उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड श्री जमुना प्रसाद, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार गौतम, मा0 विधायक सदर श्री रवि शर्मा, मा0 विधायक मऊरानीपुर डाॅ0 रश्मि आर्य, मा0 विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, मा0 विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारीछा, मा0 सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, मा0 सदस्य विधान परिषद डाॅ0 बाबूलाल तिवारी, मा0 सदस्य विधान परिषद श्री रामतीर्थ सिंघल, अध्यक्ष गौ-सेवा आयोग श्री श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाध्यक्ष महानगर भाजपा श्री हेमंत परिहार, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री प्रदीप पटेल, प्रधानाचार्य भानी देवी गोयल इण्टर काॅलेज श्री छत्रसाल स्वर्णकार, प्रबन्धक भानी देवी गोयल इंटर काॅलेज श्री के0के0 गुप्ता सहित अन्य महानुभाव एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Jhansidarshan.in