• Tue. Jan 27th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

आकाँक्षा बिक्री केन्द्र का लोकार्पण, वर्षभर मिलेंगे हस्त निर्मित उत्पाद: अध्यक्षा, उ0प्र0 आकाँक्षा समिति

ByNeeraj sahu

Jul 19, 2025
आकाँक्षा बिक्री केन्द्र का लोकार्पण, वर्षभर मिलेंगे हस्त निर्मित उत्पाद: अध्यक्षा, उ0प्र0 आकाँक्षा समिति
*आकाँक्षा समिति महिलाओं को उद्यमशील एवं प्रतिभावान बनाने वाली अहम कड़ी*
*झांसी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य एवं बलिदान की भूमि हैं*
*महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए अधिकारी धन्यवाद के पात्र*
*समस्त मानव समाज की शक्ति, नारी शक्ति: अध्यक्षा, फिक्की महिला संगठन*
*सामाजिक सशक्तिकरण का आधार, महिलाओं का आर्थिक विकास जरुरी*
*महिलाओं को स्थानीय उत्पाद एवं खाद्य प्रसंस्करण बनाने हेतु बनायें प्रशिक्षित*
*मुख्य अतिथि द्वारा गौ-दान एवं वृक्षारोपण कर बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा*
*अतिथियों ने कलैक्ट्रेट परिसर में किया प्रेरणा कैफे का शुभारम्भ*
*‘‘आकाँक्षा उत्सव-2025’’ रायफल क्लब, झांसी में सम्पन्न*
———————-
          झांसी: अध्यक्षा आकाँक्षा समिति, झांसी मण्डल प्रो0 (डाॅ0) रचना बिमल दुबे की अध्यक्षता में ‘‘आकाँक्षा उत्सव-2025’’ का आयोजन रायफल क्लब, झांसी में किया गया।
          इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डाॅ0 रश्मि सिंह (आईएएस) अध्यक्षा आकाँक्षा समिति उ0प्र0, सारस्वत अतिथि श्रीमती पूनम शर्मा अध्यक्षा फिक्की महिला संगठन एवं श्रीमती प्रतिभा सिंह, सचिव आकाँक्षा समिति (उ0प्र0), डाॅ0 प्रीति चौधरी उपाध्यक्षा, आकाँक्षा समिति (उ0प्र0) एवं श्रीमती ऊषा सिंह, संयुक्त सचिव, आकाँक्षा समिति (उ0प्र0) विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहीं।
        ‘‘आकाँक्षा उत्सव-2025’’ का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके पश्चात् मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात आकाँक्षा सखी द्वारा अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
         सर्किट हाउस में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय झांसी के मध्य सहयोग प्रतिबद्धता ज्ञापन कुलपति महोदय प्रो0 मुकेश पाण्डेय, डाॅ0 रश्मि सिंह (आईएएस) अध्यक्षा आकाँक्षा समिति उ0प्र0 एवं अध्यक्षा आकाँक्षा समिति, झांसी मण्डल प्रो0 (डाॅ0) रचना बिमल दुबे की उपस्थिति में एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित किये गये है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में शैक्षिक एवं औद्योगिक क्रियाओं को बढ़ावा देने के लिए खाद्य प्रसंस्करण से सम्बधित समझौता ज्ञापन (एम0ओ0यू0) हस्ताक्षरित किये गये है, यह हमारे लिए अत्यधिक सौहार्द की बात है। इस अवसर पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, सीडीओ  जुनैद अहमद सहित आकाँक्षा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
           मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों द्वारा मण्डल स्तर पर स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों के बिक्री हेतु ‘‘आकाँक्षा बिक्री केन्द्र’’ का लोकार्पण किया, जिससे पार्क में आने वाले लोगों को वर्षभर हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री का लाभ प्राप्त हो सके। इसके साथ ही अतिथियों द्वारा कलैक्ट्रेट परिसर में आगुंतकों के खानपान हेतु सःशुल्क प्रेरणा कैफे का शुभारम्भ भी किया गया, इस कैफे का संचालन आजाद स्वयं सहायता समूह रक्सा, विकास खण्ड बबीना श्रीमती रानी देवी द्वारा समूह की 10 महिलाओं के सहयोग से पूर्ण किया जायेगा। इस दौरान जनरल विपिन रावत पार्क में मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे, नगर आयुक्त  सत्यप्रकाश, अपर नगर आयुक्त मो0 कमर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
          आकाँक्षा उत्सव में मंचासीन अतिथियों द्वारा आकाँक्षा स्मारिका का विमोचन किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा झांसी मण्डल के तहत विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आकाँक्षा सखियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं (श्रीमती राधा को 04 लाख, किरन को 04 लाख, ऊषा को 03 लाख, सगुन को 03 लाख, ओमलता को 01 लाख, सुनीता देवी को 01 लाख, रोशन देवी को 03 लाख 50 हजार, चरण कुमारी को 03 लाख 50 हजार, ललिता देवी को 01 लाख 50 हजार, भारती देवी को 01 लाख 50 हजार, सुनीता देवी को 01 लाख 50 हजार एवं सोना को 01 लाख 50 हजार का डैमो चैक) महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र से आयी गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली भेंट की गयी।
           कार्यक्रम में उपस्थित मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेेंटकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा गौ-संवर्धन के विकास हेतु श्रीमती मनकू पत्नी स्व0 कमल सिंह निवासी घुघुआ, विकासखण्ड बड़ागांव को बछड़ा सहित 01 गौमाता का गौ-दान किया गया तथा वृक्षारोपण अभियान के तहत परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
            कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप उपस्थित अध्यक्षा, आकाँक्षा समिति, उ0प्र0 डाॅ0 रश्मि सिंह (आईएएस) ने अपने सम्बोधन में कहा कि झांसी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य एवं बलिदान की भूमि है। यहां प्रत्येक महिला में बहादुरी एवं त्याग की स्पष्ट छवि दिखाई देती है। उन्होने कहा कि शासकीय सेवा में कार्यरत महिलायें चुनौतियों का सामना करते हुये अपने परिवार एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करती हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलायें आवश्यक साहस एवं धैर्य का अनुपालन भी करती है। सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से आकाँक्षा सखियों, समूह की महिलाओं एवं घरेलु कार्यो सहित विभिन्न विधाओं में संलग्न महिलाओं को जोड़ने के लिए यहां के प्रशासनिक अधिकारी अभिनन्दन के पात्र हैं। आकाँक्षा समिति की महिलायें समाज के उत्थान में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुये उद्यमशील एवं प्रतिभावान महिलाओं को प्रखर बनाने का कार्य करें।
            इस अवसर पर सारस्वत अतिथि के रुप में उपस्थित अध्यक्षा, फिक्की महिला संगठन श्रीमती पूनम शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति समस्त मानव समाज की शक्ति है। महिलाओं का सामाजिक सशक्तिकरण उनके आर्थिक विकास पर निर्भर करता है, इसलिए महिलाओं के विकास हेतु उनका आर्थिक रुप से सुदृढ़ होना अतिआवश्यक हैं। उन्होने कहा कि इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलायें आकाँक्षा समिति से जुड़कर अपने जीवन में अद्वितीय कार्य करें। आकाँक्षा समिति झांसी मण्डल क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय उत्पाद एवं खाद्य प्रसंस्करण तैयार करने हेतु प्रशिक्षित बनाने की दिशा में कार्य करें।
            इस दौरान अध्यक्षा आकाँक्षा समिति, झांसी मण्डल प्रो0 (डाॅ0) रचना बिमल दुबे ने अपने सम्बोधन में कहा कि महिलायें घर की नींव होती हैं, यदि नींव मजबूत होगी तो घर का बुर्ज भी उतनी ही शिखर पर दृश्यमान होगा। उन्होने कहा कि कोरोना महामारी ने हमारे भीतर एक अदृश्य भय को व्याप्त कर दिया था, उस समय मा0 अध्यक्षा, आकाँक्षा समिति, उ0प्र0 डाॅ0 रश्मि सिंह (आईएएस) द्वारा आकाँक्षा समिति के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने वाली घरेलु महिलाओं को आर्थिक स्वाबलम्बन के साथ प्रशिक्षित करने का कार्य किया। उन्होने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार एवं अस्तित्व के प्रति जागरुक करने के लिए समिति निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। समिति द्वारा नवम्बर 2024 से अब तक निरंतर कार्य किया जा रहा है।
           कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन प्रियंका ने बताया कि आकाँक्षा समिति, एक स्वैच्छिक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन हैं, यह उत्तर प्रदेश के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी पत्नी संघ की विकास शाखा है। उ0प्र0 के तत्कालीन मुख्य सचिव की पत्नी श्रीमती श्यामला कल्याण कृष्णन द्वारा 1987 में स्थापित यह संगठन महिलाओं और बालिकाओं, विशेष रुप से वंचित और हाशिए पर रहने वाली महिलाओं के सशक्तिकरण पर केन्द्रित है। इसका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आय सृजन से सम्बन्धित सूचनाओं, प्रशिक्षण एवं सेवाओं तक पहुंच के माध्यम से वंचित और हाशिए पर रहने वाली महिलाओं और बच्चों की क्षमता विकास और सशक्तिकरण को सुविधाजनक बनाना एवं विशेष रुप से दूरदराज/ग्रामीण क्षेत्रों में लक्षित लाभार्थियों तक सरकारी विकास योजनाओं की जानकारी, पहुंच और उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होने बताया कि झांसी मण्डल की आकाँक्षा समिति को लखनऊ में राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।
          कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ समाज सेविका/शिक्षाविद्/कोषाध्यक्ष आकाँक्षा समिति झांसी डाॅ0 नीति शास्त्री द्वारा किया गया।
         इस अवसर पर सचिव आकाँक्षा समिति/झांसी विकास प्राधिकरण उपमा पाण्डेय, महासचिव आकाँक्षा समिति झांसी श्रीमती प्रियंका सिंह, धर्मपत्नी डीआईजी, एसएसपी, नगर आयुक्त, सीएमओ, एडीएम ललितपुर, उपजिलाधिकारी स्वेता साहू, जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल, उपायुक्त स्वतः रोजगार बृजमोहन अम्बेड सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी तथा मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
Jhansidarshan.in