दिव्यांग यात्रियों की बेहतर सेवा हेतु झांसी रेल मंडल संकल्पित
अब तक इस सत्र में 4652 रेलवे दिव्यांग रियायत कार्ड किए गए जारी
जानिए, कैसे बनवाएं रेलवे दिव्यांग रियायत कार्ड?
शारीरिक रूप से दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और यात्रा को आसान बनाने के लिए झांसी रेल मंडल लगातार प्रयासरत है। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के नेतृत्व में, इस वित्तीय वर्ष (जनवरी से 24 दिसंबर 2024) के दौरान कुल 4652 रेलवे दिव्यांग रियायत कार्ड जारी किए गए हैं। इन रियायत कार्डों के माध्यम से दिव्यांग यात्रियों को किराए में छूट के साथ-साथ नियमानुसार परिचारक के साथ यात्रा करने की सुविधा प्रदान की जाती है।
झांसी रेल मंडल का यह कदम सरकार द्वारा दी जा रही रियायतों का लाभ अधिक से अधिक योग्य यात्रियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
कैसे बनवाएं रेलवे दिव्यांग रियायत कार्ड?
दिव्यांग रियायत कार्ड बनवाने के लिए निम्नलिखित दस्तावेज आवश्यक हैं:
1. जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाण पत्र।
2. दो पासपोर्ट साइज फोटो।
3. आधार कार्ड।
4. जन्म प्रमाण पत्र।
5. रेल रियायत प्रमाणपत्र (जिसमें यह प्रमाणित हो कि व्यक्ति बिना सहचर के यात्रा नहीं कर सकता, डॉक्टर द्वारा सत्यापित)।
सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद रियायत कार्ड जारी किया जाता है। कार्ड जारी होने की सूचना प्रार्थी को मोबाइल पर संपर्क करके दी जाती है। आवेदक को आवेदन फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए और सही जानकारी देनी चाहिए।
रियायत कार्ड का उपयोग कैसे करें?
जारी किए गए रियायत कार्ड की जानकारी रेलवे के सॉफ़्टवेयर में अपडेट कर दी जाती है। टिकट बुकिंग के समय केवल रियायत कार्ड की फोटो कॉपी दिखाकर किराए में छूट का लाभ लिया जा सकता है। यह सुविधा ई-टिकट पर भी उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए:
झांसी मंडल में रेलवे दिव्यांग रियायत कार्ड बनवाने हेतु अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9794838157(कार्यदिवस) पर संपर्क करें।