• Fri. Mar 13th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

प्रसव पीड़िता के पति की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया एक्शन

ByNeeraj sahu

Nov 20, 2024

प्रसव पीड़िता के पति की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया एक्शन

उरई में न्यू पी .एल. कमला मेमोरियल हॉस्पिटल को किया गया सील

जालौन,उरई :० सिजेरियन ऑपरेशन में लापरवाही बरतने के मामले में दोषी पाये गये पी.एल. कमला मैमोरियल हास्पिटल को मंगलवार को एसीएमओ व नायब तहसीलदार ने पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया गया है।
गौरतलब हो कि कस्बा कोतवाली जालौन के मुहल्ला चिमन दुबे निवासी शोएब सिद्धीकी ने बिगत 7 जुलाई 2024 को अपनी पत्नी अजरा सिद्दीकी उम्र करीब 25 बर्ष को प्रसव पीड़ा के दौरान नगर कोतवाली क्षेत्र के राजमार्ग पुलिस क्लब के सामने स्थित पी. एल. कमला मैमोरियल हास्पिटल में ले गया था। जहां उसको भर्ती कर लिया गया था और इसके बाद महिला का प्रसव सर्जरी के द्वारा हुआ था। जिसमें महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया था। बताया गया है कि प्रसव के दूसरे दिन अचानक प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी और उसे पी.एल. कमला हास्पिटल से झांसी रिफर कर दिया गया था। झांसी पहुंचने पर वहां उसकी बच्चेदानी में खराबी बतायी गयी और जान बचाने के लिये तत्काल आपरेशन करके बच्चेदानी को निकलवाने के लिये कहा गया। इसके बाद वहां उसका आपरेशन करके बच्चेदानी को उसके शरीर से अलग कर दिया गया था। जबकि सीजर के बाद से ही नवजात बच्ची बिलकुल ठीक बतायी गयी है। इसके बाद प्रसूता के पति शोएब सिद्धीकी ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन. डी. शर्मा से की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच के लिये तीन सदस्यीय टीम गठित की गयी थी, जिसमें नगर मजिस्ट्रेट अजीत कुमार जयसवाल, ज्वांइट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविन्द भूषण को शामिल किया गया था। उक्त टीम द्वारा पिछले करीब दो माह की गयी जांच में मामला सही पाया। इसके बाद बिगत 9 नवम्बर को पी.एल. कमला मैमोरियल हास्पिटल की सभी स्वास्थ्य सेवाओं पर रोक लगाई गई थी और इतना ही नहीं सीएमओ डॉ. एन.डी. शर्मा ने बताया था कि शिकायत सही पायी गयी और हास्पिटल में मरीजों के इलाज पर रोक लगा दी गयी है तथा उन्होने पी.एल. कमला हास्पिटल को सील कराये जाने की भी बात कही थी। आपको बता दें कि इसको करीब 10 दिन बीत जाने के बाद मंगलवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द भूषण , नायब तहसीलदार हरदीप कुमार, तथा स्वास्थ्य विभाग के राम महेश,राम प्रकाश और मनोज कुमार पी.एल. कमला मैमोरियल हास्पिटल उरई को सील करने की कार्यवाही के लिये पहुंच गये। वहीं हास्पिटल सील होने की खबर पाकर उसका संचालक व अन्य कर्मचारी ताला डालकर वहां से रफूचक्कर हो गये। इसके बाद टीम ने किसी प्रकार की समस्या से बचने के उद्देश्य से पुलिस को भी बुला लिया था जिसमें जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह, बल्लभ नगर चौकी प्रभारी अनिल कुमार अपने अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गये। इसके बाद टीम ने चाबी मिलाने वाले को बुलवाकर ताला की चाबी बनवायी और जब ताला खुल गया तो टीम ने अस्पताल में घुसकर कमरा व वार्ड ओटी तथा प्राइवेट वार्ड के साथ साथ पूरे हास्पिटल की छानबीन की तथा टीम ने यह भी देखा कि हास्पिटल में कहीं कोई पिछला दरवाजा तो नहीं है। टीम ने पूरी तरह से जांच पड़ताल करने के बाद पी.एल. कमला मैमोरियल हास्पिटल को सील कर दिया है। सूत्रों ने तो यह भी बताया कि सेवाओं पर रोक लगाने के आदेश को तकरीबन दस दिन से भी अधिक का समय बीत चुका है तथा इस बीच अधिकारियों द्वारा हास्पिटल संचालक को भरपूर समय दिया गया। लेकिन वह सिस्टम लगाने में फेल हो गया जिस कारण हास्पिटल को आखिर सील ही करना ही पड़ा।

Jhansidarshan.in