मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, झांसी की 176वीं बैठक सम्पन्न
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झाँसी में दिनांक: 26.03.2025 को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 176वीं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं इसे सशक्त रूप से लागू करने हेतु विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने झांसी मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में हिंदी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए एवं समस्त कर्मचारी हिंदी के प्रावधानों का पालन करें। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे अपने दैनंदिन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग कर राजभाषा नीति के उद्देश्यों को सफल बनाएं।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रेम प्रकाश शर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी शाखा अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मंडल के सभी कार्यालयों में प्रयोग किए जा रहे कंप्यूटरों एवं लैपटॉप पर हिंदी टाइपिंग एवं हिंदी सॉफ्टवेयर का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हिंदी में प्रशिक्षित कार्यरत आशुलिपिकों एवं टंककों की सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए, जिससे सरकारी पत्राचार एवं अन्य कार्य हिंदी में प्रभावी रूप से संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर हिंदी में सर्वाधिक डिक्टेशन देने के लिए वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) अखिल शुक्ल को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान का उद्देश्य अधिकारियों हिंदी के प्रयोग हेतु प्रोत्साहित करना है।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला सहित अन्य शाखा अधिकारी, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी केशव त्रिपाठी सहित राजभाषा कर्मी एवं मंडल के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसके अधिकाधिक उपयोग के लिए अपने सुझाव दिए तथा राजभाषा कार्यान्वयन को और प्रभावी बनाने हेतु संकल्प लिया।
(2)
टिकट जांच कर्मियों की सतर्कता से घर से भागे बच्चे को उसके माता-पिता से मिलाया गया
भारतीय रेलवे की सतर्कता एवं जिम्मेदारी का एक और उत्कृष्ट उदाहरण तब देखने को मिला जब गाड़ी संख्या 16032 में यात्रा के दौरान टिकट जांच कर्मियों की सतर्क निगाहों ने एक छोटे बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गाड़ी संख्या 16032 में 26 मार्च 2025 को झांसी से इटारसी के बीच यात्रा के दौरान, कोच संख्या B1 में कार्यरत टिकट जांच निरीक्षक बी. डी. मीणा ने एक छोटे बच्चे को अकेले एवं असहाय अवस्था में देखा। बच्चे से पूछताछ करने पर यह स्पष्ट हुआ कि वह अपने घर से बिना बताए निकल गया था और गंतव्य का कोई ठिकाना नहीं था।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए, बी. डी. मीणा ने तत्काल रेल सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क किया। उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते, बच्चे को बीना रेलवे स्टेशन पर RPF के हवाले कर दिया गया। इसके उपरांत, रेलवे एवं सुरक्षा बल की संयुक्त कार्रवाई से बच्चे के परिवार से संपर्क स्थापित किया गया और उसे सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है। इस सराहनीय कार्य के लिए टिकट जांच निरीक्षक बी. डी. मीणा एवं रेल सुरक्षा बल की प्रशंसा की गई। भारतीय रेलवे अपने कर्मियों को सतर्क एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित करता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
(3)
बांदा स्टेशन पर बिना टिकट/अनाधिकृत यात्रा करने वालों के विरूद्ध चलाया गया विशेष किलाबंदी टिकट जांच अभियान ।
मंडल रेल प्रबंधक झाँसी दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व में बिना टिकट यात्रियों की रोकथाम हेतु, आज दिनांक: 27/03/2025 को बाँदा स्टेशन से गुजरने वाली लगभग 11 रेलगाड़ियों की सघन जांच करायी गयी तथा बिना टिकट यात्रा ,अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज, गंदगी फ़ैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए 130 यात्रियों से 72190 रूपए जुर्माना स्वरुप रेल राजस्व वसूल किया गया I उक्त जांच अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक आर के दुबे, सौरभ सिंह, सतीश कुमार, वी एस श्रीवास्तव, अभी तोमर आदि द्वारा अहम् भूमिका निभायी गयी I
(4)
अनुरक्षण कार्य हेतु समपार फाटक 123 अस्थायी तौर पर बंद
रेल प्रशासन द्वारा आम जनमानस को सूचित किया जाता है कि उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मंडल के झाँसी-कानपुर रेलखंड पर, मुस्तरा-गड्मऊ स्टेशन के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 123 पर आवश्यक अनुरक्षण कार्य के कारण, यह समपार फाटक दिनांक 31.03.2025 सुबह 08:00 बजे से 03.04.2025 शाम 20:00 बजे तक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग : इस अवधि के दौरान सड़क यातायात का सुचारू सञ्चालन बनाए रखने हेतु यातायात को निकटवर्ती समपार फाटक संख्या 122 तथा 124 से गुजारा जायेगा I
संबंधित सभी नागरिकों से अनुरोध है कि उपरोक्त वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सहयोग करें। रेलवे प्रशासन आपसे सहयोग की अपेक्षा करता है और यात्री सुविधा के प्रति प्रतिबद्ध है।
(5)
शनिचरी अमावस्या मेले हेतु अतिरिक्त व्यवस्थाएं
रेल प्रशासन द्वारा सर्व साधारण को सूचित किया जाता है कि शनिचरी अमावस्या मेले की दृष्टिगत शनिचरा स्टेशन पर दिनांक 28.03.2025 से 30.03.2025 तक निम्नलिखित गाड़ियों के ठहराव की व्यवस्था की गई है :
1. गाड़ी संख्या 51887 / 51888 / 51889 / 51890 को 4 सामान्य कोचों के साथ यात्रियों की सुविधा हेतु दिनांक 28.03.2025 से 30.03.2025 तक संचालित किया जाएगा I
2. गाड़ी संख्या 11903/11904 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-इटावा (प्रतिदिन) एक्सप्रेस को शनिचरा स्टेशन पर दिनांक 28.03.2025 से 30.03.2025 तक 2 मिनट का अतिरिक्त ठहराव शनिचरा रेलवे स्टेशन पर दिया जाएगा
3. उपरोक्त के अतिरिक्त एक रैक ग्वालियर स्टेशन पर स्टैंड बाय मोड में रखा जाएगा, जिसको आवश्यकता अनुसार संचालित किया जायेगा I
(6)
मुजफ्फरपुर से तिरुचिरापल्ली के मध्य यात्रा वन वे विशेष गाड़ी (ट्रेन ओंन डिमांड) का संचालन
रेल प्रशासन द्वारा सर्व साधारण को सूचित किया जाता है कि मुजफ्फरपुर से तिरुचिरापल्ली के मध्य यात्रा करने हेतु विशेष गाड़ी ट्रेन ओंन डिमांड का संचालन किया जा रहा है, गाड़ी संख्या 05299 वन वे स्पेशल मुजफ्फरपुर से 29.03.2025 को एक फेरे हेतु संचालित की जा रही है, इस गाड़ी में 2 एसएलआर, 6 स्लीपर तथा 8 सामान्य कोच होंगे I
गाड़ी संख्या 05299 मुजफ्फरपुर से 29.03.2025 को 14:00 बजे प्रस्थान कर हाजीपुर, छपरा, सिवान, गोरखपुर, ऐशबाग, ठहराव लेते हुए अगले दिन 2:50 – 03.00 बजे कानपुर ठहराव लेगी तथा 6:30 6:35 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर ठहराव लेकर, भोपाल, नागपुर, बलहरशाह, विजयवाड़ा, गुडुर और चेन्नई एगमोर ठहराव लेते हुए 18:30 बजे अपने गंतव्य स्टेशन तिरुचिरापल्ली पहुंचेगी I
—