झांसी मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा टिकट चेकिंग अभियान में उल्लेखनीय प्रदर्शन
पिछले वर्ष के बाद माह जून में आय अर्जन में तोड़े सभी रिकॉर्ड
जून माह में लक्ष्य से 25.45 फीसदी अधिक मामले पकड़े गए, जुर्माना वसूली में 52.96 फीसदी का इजाफा
अप्रैल-जून तिमाही में जुर्माना वसूली में लक्ष्य से 7.27 की अधिक वसूली, 12.65 करोड़ रुपए का रेल राजस्व हुआ वसूल
झांसी रेल मंडल द्वारा बिना टिकट अनाधिकृत रूप से ट्रेन में यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाती है। जून माह में चेकिंग स्टाफ द्वारा उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य से 25.45 फीसदी अधिक मामले पकड़े गए। इसके फलस्वरूप जुर्माना के रूप में वसूली गई धनराशि में 52.96 फीसदी का इजाफा हुआ है। झांसी मंडल को जून माह में 55 हजार अनाधिकृत यात्रियों को पकड़ने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसके सापेक्ष 70 हजार मामले पकड़े गए। वहीं, जुर्माना वसूलने के लिए 3.72 करोड़ रुपए का लक्ष्य दिया गया था जिसके सापेक्ष चेकिंग स्टाफ द्वारा 5.69 करोड़ रुपए वसूले गए।
झांसी रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा पिछली तिमाही अप्रैल-जून में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है। तीन महीनों में कुल 1.68 लाख अनाधिकृत यात्री पकड़े गए। इनसे 12.65 करोड़ रुपए की धनराशि जुर्माने के रुप में वसूली गई। यह धनराशि निर्धारित लक्ष्य 11.79 करोड़ रुपए से 7.27 फीसदी अधिक है। मंडल के सभी स्टेशनों, ट्रेनों में टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा मुस्तैदी के साथ कार्य कर निर्धारित लक्ष्य से अधिक का आंकड़ा प्राप्त किया है।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि बिना टिकट अनाधिकृत यात्रा करने वाले लोग अपने सहयात्रियों के लिए असुविधा खड़ी करते हैं। इसके साथ ही रेल राजस्व को भी नुकसान पहुंचाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी यह घातक होता है। हमारी सभी यात्रियों से अपील है कि अधिकृत व्यक्ति से टिकट लेकर ही यात्रा करें। रेल के सुगम संचालन में सहयोग दें।
(2)
झाँसी मण्डल के अंतर्गत NCRES की स्थाई वार्ता तंत्र बैठक आयोजित
झाँसी मण्डल कार्यालय में दिनांक 02.07.2025 एवं 03.07.2025 को मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में मंडल की मान्यता प्राप्त यूनियन एन सी आर ई एस के साथ स्थायी वार्ता तन्त्र (PNM) की 26 वीं बैठक का आयोजन किया गया |
इस अवसर पर बैठक के पहले दिन मंडल रेल प्रबंधक के साथ विशेष सत्र के दौरान उपस्थित यूनियन प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने कहा कि औद्योगिक सम्बंधो को बेहतर बनाने के क्रम में एन सी आर ई एस का रेलवे प्रशासन को सतत सहयोग मिल रहा है तथा सकारात्मक सहभागिता रही है। मैं एन सी आर ई एस के इस सहयोग की सराहना करता हूँ और साथ ही यह अपेक्षा करता हूँ कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार का सक्रिय सहयोग मिलता रहेगा I
बैठक के आगे के क्रम में एन सी आर ई एस के मंडल अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव तथा सचिव रामकुमार सिंह ने इस बैठक के आयोजन के लिए मण्डल रेल प्रबंधक को धन्यवाद दिया और कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति उसके मैनेजमेंट और कर्मचारियों के बीच के सम्बंधो पर निर्भर करता है, बेहतर सम्बन्धों के फलस्वरूप ही संस्थान की प्रगति बेहतर होती है| उन्होंने झाँसी मण्डल के अधिकारियों का भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि झाँसी मण्डल के अधिकारियों द्वारा की किसी भी समस्या के समाधान हेतु हर संभव प्रयास किया जाता है|
बैठक के अंतर्गत यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न मुद्दों जिसमें रेलवे आवासों की मरम्मत, साफ़ सफाई, भत्ता, कर्मचारियों से जुङी धरातल की समस्यायें जैसे अन्य बिन्दुओ पर सघन चर्चा की एवं बैठक में कुल प्रस्तुत 187 मदों में से 60 मदों पर समन्वय स्थापित करते हुए, निस्तारित कर दिए गए I
इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/परिचालन नन्दीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं सचिव स्थाई वार्ता तंत्र राजेश कुमार शर्मा सहित झाँसी मण्डल के सभी शाखाधिकारी, यूनियन के समस्त पदधिकारियों सहित कर्मचारीगण उपस्थित रहे एवं सौहार्दपूर्ण चर्चा के साथ मंडल में औद्योगिक संबंधों को विकसित करते हुए कर्मचारी हितों के लिए विमर्श किया गया