तहसील दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, जिलाधिकारी को बताईं समस्यायेंः रिपोर्ट- नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद की मौदहा तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी को समस्यायें बताने के लिये लोगों का अंबार उमड़ पड़ा। राठ कसबे में एसडीएम सुरेश कुमार मिश्रा ने लोगों की समस्यायें सुनीं।
राठ तहसील के सभागार में आयोजित तहसील दिवस में कसबे के पठानपुरा मुहल्ला निवासी कालीचरन पुत्र बल्देव ने बताया कि मकान के कुछ हिस्से में बीरा गांव निवासी सीताराम व प्रमोद कुमार अवैध रूप से नींव को मिट्टी से भर रहे है। विरोध करने पर गालीगलौच करते हुए धमकी देते हैं। गुलाब नगर मुहल्ला निवासी सुखदेव सोनी ने नालियों में क्रास न होने की शिकायत की। कुल्हैंडा गांव निवासी चंन्द्रभान ने बताया कि पिता गोविन्द दास ने नाली के लिए भूमि दी थी जिससे पूरे मुहल्ले का पानी निकलता है। छह माह पहले गांव के रामस्वरूप दीक्षित ने नाली को बंद कर दिया जिससे जलनिकासी बाधित हो गई। एसडीएम सुरेश कुमार मिश्रा व सीओ अभिषेक यादव ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत निजी तौर पर शौचालय निर्माण कराने वाले ग्रामीणों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।