माननीय मंत्री महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
** आने वाली भीषण गर्मी के दृष्टिगत जनपद में निर्वाध विद्युत आपूर्ति और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें :- मा0 प्रभारी मंत्री जी
** ग्रामीण क्षेत्र में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें ताकि हर घर पानी पहुंचाया जा सके :- मा0 प्रभारी मंत्री जी
** जनपद में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (गोल्डन कार्ड) के अन्तर्गत हुए इलाज पर किया संतोष व्यक्त,
** जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत क्षतिग्रस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता से गड्ढा मुक्त किया जाए:- प्रभारी मंत्री जी
** जनपद में अतिकुपोषित 5533 बच्चों के सापेक्ष 4593 बच्चों के सुधरीकरण पर किया संतोष व्यक्त
** महिला पॉलिटेक्निक में 403 स्वीकृत सीटों के सापेक्ष प्रवेशित अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाए जाने हेतु प्रचार- प्रसार करने के निर्देश
** जिला स्तरीय अधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा करें:- माननीय प्रभारी मंत्री जी
आज माननीय मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्रीमती बेबी रानी मौर्य जी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा सहित झाँसी में कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी का फोकस जनपद में बिजली, सड़क और पानी पर रहा,उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से आम जनता को राहत देने के लिए अब तक किए गए कार्य एवं अन्य योजनाओं की अपडेट प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त अधिकारी अपने विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न विभागों के नए कार्य या जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास/ उद्घाटन जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनसे कराए जाने के भी निर्देश दिए ताकि किए जा रहे कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री जी ने जनपद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप नियमित एवं निर्बाध रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों एवं आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को बढ़ाने, जहां जरूरत हो वहां विद्युत पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभागीय अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ट्रांसफॉर्मर, फीडर और लाइन की नियमित जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण कराया जाए।
समीक्षा बैठक में मा0 प्रभारी मंत्री जी ने बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की जानकारी ली, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना अंतर्गत घरों में लगे प्रत्येक जल संयोजन तक पानी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है वहां बूस्टर लगाते हुए पानी उपलब्ध कराएं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने योजनांतर्गत रोड काटने के बाद उसे अब तक ठीक न करने पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल ऐसी सड़कों का सर्वे करने के निर्देश दिए ताकि सभी सड़कों को ठीक कराया जा सके।
बैठक में आईसीडीएस पोषण अभियान की समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य जी ने अति कुपोषित बच्चों की जानकारी ली और जनपद में सैम/ मैम में में चिन्हित 5533 बच्चों की सापेक्ष 4593 बच्चों के सुधरीकरण पर अच्छा कार्य होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जनपद में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र की जानकारी ली, वर्ष 2023-24 में 45 के सापेक्ष 36 पूर्ण एवं 09 निर्माणाधीन एवं वर्ष 2024-25 में 18 के सापेक्ष 10 पूर्ण 08 निर्माणाधीन को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने वर्किंग वोमेन हॉस्टल और बालिका छात्रावास के निर्माण की जानकारी ली।
माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा जनपद में संचालित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की समीक्षा के दौरान वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक झांसी में 403 स्वीकृत सीटों के सापेक्ष मात्र 286 अभ्यार्थियों के प्रवेश पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य महिला पॉलिटेक्निक झांसी को निर्देशित किया की व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए संचालित पाठ्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर, कंप्यूटर साइंस, फैशन डिजाइनिंग सहित अन्य विषयों में शत प्रतिशत प्रवेश कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध हो। उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक झांसी में 415 प्रवेश हेतु स्वीकृत सीटों के सापेक्ष 376 पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द शत प्रतिशत प्रवेश कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने आईटीआई में अच्छा कार्य होने पर संतोष व्यक्त किया।
जनपद में महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा के दौरान श्रीमती बेबी रानी मौर्य जी मा0 मंत्री, महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग उत्तर प्रदेश ने जनपद में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए आयुष्मान भारत प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 499591 लाभार्थियों को उपचारित करने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा टीबी मुक्त भारत के अंतर्गत जनपद में किए जा रहे कार्यों पर भी संतोष व्यक्त किया और सुझाव दिया कि चिन्हित मरीजों को अधिकारी एवं विभिन्न संगठन गोद ले और स्वास्थ्य लाभ कराते हुए उन्हें टीबी मुक्त कराएं। जिलाधिकारी ने जनपद में अधिकारियों द्वारा टीवी मरीजों को गोद लेकर उन्हें उपचारित कराए जाने की जानकारी दी।
बैठक में विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारीछा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइप पेयजल योजना के माध्यम से सभी गाँवों में पानी पहुँचाने की जानकारी ली। उन्होंने बुढ़पुरा, तिलेथा, गुलारा, बचावली एवं रनगुवां योजना के अंतर्गत सभी गांवों में अधिकारी के साथ भ्रमण करने की इच्छा व्यक्त की ताकि सुनिश्चित किया जाए कि घरों तक पानी पहुंच जा रहा है। विधायक बबीना ने बरुआसागर में 05 km का बाईपास रोड के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि अब क्षेत्र जेडीए में आ गया है। इसका निस्तारण कराया जाए ताकि निर्माणकाल प्रारंभ किया जा सके।
विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत ने अपने विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम केदारताई,ग्राम सिया में विद्युत की उपलब्धता पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्युत संयोजन दिया है तो आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्राम खड़ौनी, गरौठा एवं मारकुआं में ट्रांसफार्मर की क्षमतावृद्धि की जानकारी ली।
बैठक का सफल संचालन मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने किया। उन्होंने प्रत्येक विभाग की एक-एक परियोजना के विषय में जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार गौतम, महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप कुमार पटेल, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत,सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद डॉ0 बाबूलाल तिवारी, जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, डीएफओ श्री नीरज कुमार आर्य, सीएमओ डाॅ0 सुधाकर पांडेय,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वरुण कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार,आधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री रजनीश गुप्ता, डीएसटीओ डॉ0 अर्चना सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।