सुरक्षित रेल संचालन हेतु संरक्षा संवाद का आयोजन
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के दिशानिर्देश में दिनांक 13.02.2026 को मुख्य क्रू नियंत्रक कार्यालय, जूही में संरक्षा संवाद का सफल आयोजन किया गया।
संरक्षा संवाद के दौरान लोको पायलट निर्देश संख्या 53/2025-26 के अंतर्गत पीले सिग्नल से लाल सिग्नल तक कॉल आउट की प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके साथ ही रेड नोटिस 7 एवं 8 के प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया। मुख्यालय संचालन निर्देश संख्या 16 के अंतर्गत ART एवं ARMU के प्रस्थान तथा HOOTER कोड से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। CRO/MRO की स्थिति में की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि लोको में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर सर्वप्रथम सिग्नल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा गाड़ी को सुरक्षित खड़ा करने के उपरांत ही ट्रबल शूटिंग की प्रक्रिया अपनाई जाए। इसके साथ ही डीएफसीसीआईएल के प्रावधानों के समांतर पालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
संवाद के दौरान SPAD एवं SR वायलेशन से बचाव के संबंध में लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलटों ने अपने विचार साझा किए तथा सुरक्षित, सतर्क एवं नियमबद्ध संचालन के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस संरक्षा संवाद के माध्यम से क्रू सदस्यों को संरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देशों से अवगत कराया गया तथा सुरक्षित रेल संचालन हेतु जागरूक किया गया।
इस संरक्षा संवाद में मुख्य क्रू नियंत्रक जूही, 5 मुख्य लोको निरीक्षक (CLI), 19 लोको पायलट तथा 21 सहायक लोको पायलट ने सहभागिता की। कुल मिलाकर 46 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस संरक्षा संवाद में भाग लिया।