• Wed. Feb 11th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को ऐतिहासिक बनायें: अपर जिला जज*

ByNeeraj sahu

Feb 11, 2026
वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को ऐतिहासिक बनायें: अपर जिला जज*
*22 फरवरी को दीनदयाल सभागार में होगा मेगा विधिक सेवा शिविर का भव्य आयोजन*
*विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाॅल लगाकर दी जायेगी जानकारी*
*न्याय और प्रशासन का उद्देश्य जनसेवा, समन्वय से पात्रों तक पहुँचाएं सरकारी योजनाएँ*
————————
           झाँसी: माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी श्रीमती कमलेश कच्छल के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को ‘‘वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’’ के सफल आयोजन एवं रूपरेखा तैयार करने हेतु आज विकास भवन सभागार में जिले के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी।
          अपर जिला जज/नोडल अधिकारी श्री शरद कुमार चौधरी ने अवगत कराया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार 22 फरवरी को आयोजित होने वाले वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को ऐतिहासिक बनायें। मेगा विधिक सेवा शिविर का भव्य आयोजन दीनदयाल सभागार में होगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा आमजनमानस के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाॅल लगाकर जानकारी प्रदान की जायेगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को मौके पर लाभ प्रदान कर लाभान्वित किया जायेगा।
           श्री प्रतीक त्रिपाठी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि ‘‘न्याय और प्रशासन का उद्देश्य एक ही है जनसेवा’’। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि हमें आपसी सामंजस्य स्थापित कर सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँचाना होगा। समाज में व्याप्त कुरीतियों को केवल जागरूकता के माध्यम से ही हटाया जा सकता है, और इस महायज्ञ में सभी विभागों को एक टीम के रूप में मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
         बैठक में प्रत्येक विभाग के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गयी, जिसमें राजस्व विभाग के अन्तर्गत मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, दैवीय आपदा सहित अन्य योजनाओं, शिक्षा विभाग द्वारा निराश्रित बच्चों को शिक्षा प्रदान करने, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, राजकीय आई0टी0आई0 द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को कौशल विकास मिशन, प्रोबेशन विभाग द्वारा महिलाओं को पेंशन वितरण, पूर्ति विभाग द्वारा खाद्यान्न वितरण, मत्स्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, नगरीय विकास अभिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, पुलिस विभाग द्वारा मिशन शक्ति, हेल्पलाइन, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार साहित्य का वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, पोटली वितरण, मेडीकल कैम्प का आयोजन जिसमें बीपी, शुगर इत्यादि रोगों की सामान्य जांच का मौके पर ही उपचार सहित कृषि विभाग द्वारा किसान सम्मान निधि, बैंक सहायता ऋण योजना, नावार्ड द्वारा राजकीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक, पशु एवं फसल बीमा, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला एवं बाल कल्याण, पिछड़ावर्ग कल्याण, पंचायती राज, जल शक्ति विभाग, उद्योग, लघु कुटीर सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विद्युत, नेडा, युवा कल्याण, संस्कृति, श्रम, परिवहन, डाक सहित अन्य विभागों द्वारा मौके पर ही स्टाॅल लगाकर लाभ प्रदान किये जायेंगे।
           बैठक में एडीएम नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार, सीओ सिटी श्री रामवीर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री राजेश कुमार, डीसी मनरेगा श्री शिखर श्रीवास्तव, उपनिदेशक संग्रहालय डॉ. मनोज कुमार गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार पटेल, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा, सहायक अभियंता जल निगम सुश्री शिल्पी वर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग सुश्री प्रज्ञा वर्मा, प्रधानाचार्य आईटीआई श्री एस.के. श्रीवास्तव, सहायक निदेशक सूचना श्री सुरजीत सिंह, सहायक श्रम आयुक्त सुश्री दीपिका वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी श्रीमती सौम्या अग्रवाल, प्रवर अधीक्षक डाक, विद्युत विभाग, एलडीएम, नाबार्ड सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Jhansidarshan.in