वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान झांसी मंडल में सर्वोत्तम आय अर्जन एवं उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए आज दिनांक: 03.06.2025 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी द्वारा दो उत्कृष्ट टिकट जांच कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित कर्मचारी:
• वीरेंद्र कुमार वर्मा, मुख्य टिकट निरीक्षक, झांसी
• सोनू राय, वरिष्ठ टिकट परीक्षक, झांसी
इन अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान तथा कार्य के प्रति समर्पण भाव के लिए प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने दोनों कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी तरह समर्पित भाव से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
(2)
रेलवे गति में नया आयाम : झाँसी मंडल में रेल लाइनों की रफ्तार बढाने की दिशा में सफल कदम
दूसरी और तीसरी लाइन का सुखद परिणाम, ट्रेन की बढ़ने लगी रफ्तार
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में जून 2025 में मंडल द्वारा विभिन्न नई और डबलिंग परियोजनाओं के अंतर्गत महत्वपूर्ण गति वृद्धि कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। इन कार्यों के परिणामस्वरूप रेल सेवा की दक्षता, सुरक्षा एवं समयबद्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
निम्नलिखित विवरणों में इन कार्यों को संक्षेप में प्रस्तुत किया गया है:
1. दतिया – डबरा सेक्शन (तीसरी लाइन कार्य, 31.747 किमी):
नवनिर्मित तीसरी लाइन पर चालू गति को 70 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दिया गया है।
2. टेहरका – मऊरानीपुर सेक्शन (डाउन लाइन, 21.187 किमी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी – मानिकपुर डबलिंग कार्य):
इस सेक्शन पर चल रही डबलिंग परियोजना के अंतर्गत, नई डाउन लाइन पर चालू गति को 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर
110 किमी/घंटा किया गया है।
3. कुलपहाड़ – महोबा सेक्शन (डाउन लाइन, 21.582 किमी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी – मानिकपुर डबलिंग कार्य):
इस सेक्शन में भी समान रूप से नई डाउन लाइन पर चालू गति को 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा तक किया
गया है, जिससे लंबी दूरी के संचालन में सुधार एवं समय पर सेवा उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
4. बेलाताल – कुलपहाड़ सेक्शन (डाउन लाइन, 8.825 किमी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी – मानिकपुर डबलिंग कार्य):
इस हिस्से पर नई डाउन लाइन में गति को 70 किमी/घंटा से बढ़ाकर 85 किमी/घंटा किया गया है I
उपरोक्त कार्य रेलवे सेवा के संचालन और दक्षता को उच्च स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे | गति वृद्धि से न केवल यात्रियों को समय पर सेवा मिलने की संभावना बढ़ेगी बल्कि माल परिवहन की लागत एवं समय में भी कमी आएगी।विभाग की यह पहल रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण के लक्ष्य को और मजबूती प्रदान करेगी।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि इन कार्यों के परिणामस्वरूप रेल सेवा की दक्षता, सुरक्षा एवं समयबद्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उपरोक्त कार्य रेलवे सेवा के संचालन और दक्षता को उच्च स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। गति वृद्धि से न केवल यात्रियों को समय पर सेवा मिलने की संभावना बढ़ेगी बल्कि माल परिवहन की लागत एवं समय में भी कमी आएगी।
(3) विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा 2025 झांसी मंडल द्वारा “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें” थीम पर चलाया जा रहा अभियान
दिनांक 2 जून 2025 को जल स्त्रोतों को किया गया स्वच्छ
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में झांसी मंडल में दिनांक 22 मई से 5 जून 2025 तक “विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन” (प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें) निर्धारित की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन सहित ग्वालियर, मुरैना, डबरा, दतिया, ललितपुर, टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल स्टेशन छतरपुर, खजुराहो, महोबा, बांदा, चित्रकूट एवं उरई स्टेशनों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
दिनांक 2 जून 2025 को विशेष रूप से निम्नलिखित गतिविधियाँ आयोजित की गईं:
1. विभिन्न स्टेशनो पर बने जल स्त्रोतों को साफ किया गया। बंद पड़े नलों को दुरुस्त किया गया।
2. ग्वालियर स्टेशन पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की जांच की गई। आवश्यक जगह पर जल संचयन की व्यवस्था की गई।
3. यात्रियों को प्लास्टिक बोतल का न्यूनतम इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य केवल स्टेशन परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाना ही नहीं, बल्कि यात्रियों और आमजन में हरित सोच का विस्तार करना भी है। झांसी मंडल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है कि जनभागीदारी से पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
(4)
समपार फाटक सं. 462 (बांदा-डिंगवाही रेलखंड)आवश्यक अनुरक्षण कार्य हेतु अस्थायी रूप से बंद
रेल प्रशासन द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है की बांदा-डिंगवाही रेलखंड पर समपार फाटक संख्या 462 (किलोमीटर संख्या 1328/9-10) आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाना है I उक्त कार्य के दृष्टिगत समपार फाटक को अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है I
समपार फाटक 462 को दिनांक : 04.06.2025 से 10.06.2025 तक आवश्यक निर्माण कार्य हेतु अस्थाई तौर पर बंद किया जा रहा है।
वैकल्पिक मार्ग:
सड़क यातायात के सुचारू संचालन हेतु वाहनों को निकटवर्ती समपार फाटक संख्या 463 (किलोमीटर संख्या 1330/3-4) से गुजरने की सलाह दी जाती है।
रेलवे प्रशासन संबंधित सभी नागरिकों से अनुरोध करता है कि असुविधा से बचने हेतु उपरोक्त वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और सहयोग प्रदान करें। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा हेतु प्रतिबद्ध है।