• Fri. Oct 18th, 2024

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

बांदा स्टेशन पर किलाबंदी कर चलाया गया टिकट जांच अभियान

ByNeeraj sahu

Oct 18, 2024

बांदा स्टेशन पर किलाबंदी कर चलाया गया टिकट जांच अभियान
मंडल रेल प्रबंधक झाँसी दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में बिना टिकट यात्रियों की रोकथाम हेतु दिनांक-18.10.24 को बांदा रेलवे स्टेशन पर व ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज, गंदगी फ़ैलाने, धुम्रपान करने वालों के विरुद्ध किलाबंदी जाँच कराई गई । जांच अभियान के दौरान ट्रेन में तथा स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा । जांच अभियान में 72 अनियमित यात्रा / धुम्रपान / गंदगी मचाने वाले / बिना बुक लगेज के यात्रा करने वाले यात्रियों से रु.32415/- जुर्माना रेल राजस्व के रूप में वसूल किया गया |
उपरोक्त जांच अभियान को सफल बनाने में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री आर के दुबे, ए के मंडल, सतीश कुमार, सौरभ कुमार तथा निखिल सिंह द्वारा अहम् योगदान प्रदान किया गया ।

(2)
महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में प्रवेश करने वालों पर झांसी रेल मंडल सख्त, 45 दिन में 19 को किया गिरफ्तार

उत्तर मध्य रेलवे का झांसी मंडल महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग है। झांसी रेल मंडल द्वारा महिला सुरक्षा के लिए सभी प्रभावी कदम उठाए जाते हैं। ट्रेन में महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में कोई पुरुष यात्री प्रवेश ना करें यह सुनिश्चित किया जाता है। अगर कोई पुरुष यात्री महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में पाया जाता है तो उसे तुरंत कोच से उतार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा संयुक्त रुप से अभियान चलाकर सितंबर 2024 में 11 ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था जो महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे थे। इसी प्रकार 1 अक्टूबर 2024 से 15 अक्टूबर 2024 के मध्य 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे थे। इन सभी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया है। झांसी रेल मंडल द्वारा महिला सुरक्षा के लिए अन्य प्रभावी कदम भी उठाए जाते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेन में यात्रा कर रही महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए आरपीएफ की महिला कर्मचारियों द्वारा भी गश्त किया जाता है। महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में पुरुष यात्री प्रवेश न कर सकें, इसके लिए लगातार चेकिंग की जाती है।