• Mon. Jul 7th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

“वर्क साइट सेफ्टी” विषय पर संरक्षा सेमिनार का हुआ आयोजन,डीआरएम ने पढ़ाया संरक्षा का पाठ

ByNeeraj sahu

May 1, 2025

(1)

विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर झांसी मंडल में संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। रेलवे वर्कशॉप के ऑडिटोरियम में “वर्क साइट सेफ्टी” विषय पर आधारित संरक्षा सेमिनार का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में रेलवे ठेकेदार एवं कर्मचारियों सहित लगभग 180 कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे ठेकेदारों को संरक्षा संबंधी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु काउंसलिंग की। सेमिनार को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा की हमें किसी भी मौके पर संरक्षा का साथ नहीं छोड़ना है, उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा की रेलवे के संरक्षा नियमों का यदि शत प्रतिशत पालन किया जाए तो किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने की संभावना ही नहीं रह जाती। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि कभी भी अति आत्मविश्वास के साथ कार्य ना करें। हेलमेट और जैकेट हमेशा पहनकर रखें।
वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया ने उदाहरण के तौर पर बताया की वर्क साईट पर यदि ट्रैक के 6 मीटर से 3.5 मीटर की दूरी पर कार्य किया जा रहा हो तो नियमित मार्किंग व बैरिकेट के साथ किया जा सकता है, और यदि 3.5 मीटर से नज़दीक पर कार्य किया जाना हो तो ट्रैफिक / पॉवर ब्लाक लिए बगैर कार्य बिलकुल नहीं किया जाना चाहिए |इसके साथ ही मुख्य परियोजना प्रबंधक एस के गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल आदि ने भी वर्क साइट सेमिनार में संरक्षा संबंधी उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
संरक्षा संवाद में उपस्थित अन्य सभी अधिकारी / पर्यवेक्षकों ने भी सेमिनार के माध्यम से अपने ज्ञान को पुनश्चर्या किया गया एवं वर्क साईट पर क्या-क्या सुरक्षा सावधानियां बरती जानी चाहिए इस पर विस्तारपूर्वक समझाइश दी गयी, इसी के साथ सभी लोगों को ट्रेन संचालन एवं दैनिक कार्यों में संरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ट्रेनिंग के साथ-साथ हिदायत दी गई। संरक्षा सेमिनार का स्वागत उद्बोधन वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन द्वारा दिया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक(परिचालन) नंदीश शुक्ला, सीपीएम गतिशक्ति पी के सिंह, सीपीएम (निर्माण) एस के गुप्ता आदि इस दौरान मौजूद रहे और कर्मचारियों के साथ संवाद किया।

(2)
झांसी रेल मंडल द्वारा गौरवशाली धरोहरों को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम

झांसी रेल मंडल ने इंफ्रास्ट्रक्चर के सतत विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल न केवल नई संरचनाओं का निर्माण कर रहा है, बल्कि दशकों पुराने रेलवे पुलों को भी आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप सुदृढ़ और सुरक्षित बना रहा है। अप्रैल माह में मंडल द्वारा कुल सात छोटे पुलों का सफलतापूर्वक प्रतिस्थापन किया गया, जो कि इंजीनियरिंग कौशल और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इनमें से कई पुल 100 वर्ष से भी अधिक पुराने थे, जिन्हें अब आरसीसी बॉक्स और पीएससी स्लैब जैसी आधुनिक तकनीकों से प्रतिस्थापित कर भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप बनाया गया है। पारीछा-चिरगांव, भीमसेन-गोविंदपुर, एट-कोंच जैसे विभिन्न खंडों में स्थित इन पुलों को बेहद सीमित समय में उच्च मानकों के साथ प्रतिस्थापित किया गया। कुछ स्थानों पर पुराने स्टोन स्लैब ब्रिज हटाकर 2.0×2.5 मीटर तक के आरसीसी बॉक्स लगाए गए, तो कहीं 3.05 मीटर स्पान के स्टील गर्डर्स को आधुनिक पीएससी स्लैब से बदला गया।
इन संरचनाओं के अद्यतन से न केवल ट्रेन संचालन की सुरक्षा और दक्षता में वृद्धि हुई है, बल्कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी मजबूती मिली है। यह कार्य मंडल की तकनीकी दक्षता, कुशल योजना और रेलकर्मियों के समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
* मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि “झांसी मंडल न सिर्फ नई परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है, बल्कि हमारी विरासत रही संरचनाओं को भी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। इन पुलों का प्रतिस्थापन इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”*

(3)
झांसी मंडल ने अप्रैल 2025 में माल लदान से आय अर्जन में रचा नया कीर्तिमान

मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दीपक कुमार सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में झांसी मंडल ने व्यापार विकास इकाई (BDU) के माध्यम से ग्राहकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कीं, जिसके फलस्वरूप मंडल ने अप्रैल 2025 में अब तक की सबसे अधिक मासिक मालभाड़ा आय अर्जित की। इस महीने मंडल ने 0.83 मिलियन टन माल का परिवहन कर ₹90.05 करोड़ की आय प्राप्त की।

अप्रैल 2025 का प्रदर्शन के मुख्य बिंदु :

• माह अप्रैल 2025 में अब तक का सर्वश्रेष्ठ माल लदान (Originating Loading)करते हुए मंडल द्वारा 0.83 मिलियन टन माल लदान किया गया I जिसमें विशेष रूप से प्रतिदिन औसतन सर्वाधिक वैगन लदान 476 वैगन रहा I
• उक्त उपलब्धि में सर्वाधिक योगदान गेहूं लदान का रहा, मंडल द्वारा 0.11 मिलियन टन गेहूं लदान कर रु. 26 .18 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया गया, जो की गत वर्ष समान अवधि में अर्जित रु. 14.56 करोड़ से 80 प्रतिशत अधिक रहा वहीँ दुसरे स्थान पर पेट्रोलियम लदान के योगदान से मंडल ने 0.26 मिलियन टन कर 24.5 करोड़ का राजस्व अर्जित किया I

यह ऐतिहासिक उपलब्धि मंडल के समर्पित रेलकर्मियों, ग्राहकों के साथ BDU सदस्य वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर बेहतर समन्वय तथा प्रबंधन के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। झाँसी मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की ओर अग्रसर रहेगा। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि मंडल की यह उपलब्धि इस संदर्भ में और अधिक उल्लेखनीय हो जाती है कि इस मंडल रेल के परिधि में रेलवे की माल लदान में मुख्यतः योगदान करने वाले प्राकृतिक संसाधन जैसे कोयला या लौह अयस्क आदि नहीं पाये जाते हैं, फिर भी मंडल द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन किया जा रहा है |

Jhansidarshan.in