• Tue. Feb 10th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

कोंच में अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा महिलाओं ने किया विरोध, 40 साल पुराने मकान टूटे

ByNeeraj sahu

Feb 9, 2026

कोंच में अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा

महिलाओं ने किया विरोध,
40 साल पुराने मकान टूटे

गुस्साई महिलाओं का नगर पालिका पर फूटा आक्रोश

गांधी नगर में बुलडोजर कार्रवाई के दौरान महिला ने ईओ का खींचा दुपट्टा, झड़प से मचा बवाल

अतिक्रमण हटाने गई टीम को विरोध का सामना, मौके पर भारी पुलिस बल रहा तैनात

जालौन :० नगर पालिका परिषद कोंच द्वारा गांधी नगर इलाके में की गई अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान सोमवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। पालिका की परती भूमि पर करीब 40 वर्षों से बने अस्थायी मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किए जाने से प्रभावित परिवारों में आक्रोश फैल गया।
नगर पालिका प्रशासन ने राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि उक्त मकान सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बने थे, जिनको हटाने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कई परिवारों का घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपने आशियाने टूटते देख बस्ती की महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान महिलाओं और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (ईओ) मोनिका उमराव के बीच नोक-झोंक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आक्रोशित महिलाओं द्वारा कथित तौर पर ईओ के साथ धक्का-मुक्की और दुपट्टा खींचने का प्रयास किया गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात को काबू में लिया और किसी बड़े टकराव को टाल दिया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
वहीं, प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे दशकों से यहां निवास कर रहे थे और अचानक मकान टूटने से उनके सामने गंभीर आवास संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम वीरेंद्र गुप्ता, नगर पालिका ईओ मोनिका उमराव, सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश बहादुर सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।

 

रविकांत द्विवेदी

Jhansidarshan.in