दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत, साथी घायल
पूंछ थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पूंछ कस्बे के अंदर हाइवे पर क्रॉसिंग मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, मोंठ क्षेत्र के ग्राम जरया खुर्द निवासी मिथुन अहिरवार (पुत्र हरदेव सिंह) अपने साथी संजय कुशवाहा, निवासी पंचवटी कॉलोनी, झांसी के साथ उरई में टाइल्स लगाने का काम करता था। शनिवार को दोनों उरई से काम खत्म कर बाइक से अपने गांव जरया लौट रहे थे। जब वे पूंछ कस्बे से होकर हाइवे पर पहुंचे, तभी क्रॉसिंग के मोड़ पर उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद संजय कुशवाहा ने किसी तरह मिथुन के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को मोंठ के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मिथुन अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं संजय कुशवाहा को प्राथमिक उपचार दिया।
मिथुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पूंछ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।
घटना की जानकारी पाकर एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी भी सीएचसी पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।
वहीं, अस्पताल परिसर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब मृतक के परिजनों और घायल साथी संजय कुशवाहा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। परिजनों ने संजय के साथ सीएचसी में हाथापाई कर दी, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
घायल संजय कुशवाहा ने बताया कि वह वर्षों से मिथुन के साथ टाइल्स लगाने का काम करता आ रहा है। वह मिस्त्री है और मिथुन उसका हेल्पर था। संजय का कहना है कि शनिवार को दोनों ने पूंछ कस्बे में शराब पी थी, जिसके बाद यह हादसा हो गया।
मृतक के चाचा गुलाब सिंह ने बताया कि मिथुन पिछले एक साल से उरई में रहकर मजदूरी कर रहा था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसकी चार बेटियां- आरवी, नैना, अर्पिता और गुन्नो — हैं। मिथुन ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पूंछ थाना प्रभारी वेदप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि पीआरबी के माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।