झांसी। मौजा सिमरधा (पाल कॉलांनी) स्थित आराजी संख्या 1265 एवं 1266 रकबा लगभग 30,000 वर्गफुट जो राजस्व अभिलेखों में टौरिया के नाम से दर्ज शासकीय भूमि है, पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण कार्य तेजी से जारी होने का आरोप सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी झांसी को ज्ञापन सौंपा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भूखण्डों पर बीते समय से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि झांसी नगर निगम के कुछ अधिकारी अतिक्रमणकर्ताओं को संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते लगातार आपत्तियों के बावजूद निर्माण नहीं रुका।
2023 के गूगल मैप से खुलासा
ज्ञापन के साथ वर्ष 2023 के गूगल मैप से प्राप्त तस्वीरें संलग्न की गई हैं, जिनमें यह भूमि पूर्णतः खाली और शासकीय दर्ज दिखाई दे रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि तस्वीरें स्पष्ट प्रमाण हैं कि हाल के वर्षों में इस भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण खड़ा किया गया है, जो राजस्व संहिता एवं नगर निगम अधिनियम का उल्लंघन है।
जांच एवं कार्रवाई की मांग
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से निम्न मांगें की हैं- शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण की तत्काल जांच कराई जाए। अतिक्रमणकर्ताओं एवं कथित रूप से संलिप्त नगर निगम अधिकारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई हो। भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए यथास्थिति बहाल की जाए। भविष्य में नरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि शासकीय भूमि पर कब्जा न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि शासन-प्रशासन की संवेदनशील संपत्तियों की सुरक्षा को सीधे चुनौती है। ज्ञापन सौंपने वालों में- एड. बी.एल. भास्कर, नरेन्द्र सिंह कुशवाहा, मानसिंह, एड. नीलम सिंह, ब्रजेश कुमार वर्मा, रानी सिंह, साक्षी, रहीश आदि (पर्यावरण, आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता) शामिल रहे।
भवदीय