चिंतन शिविर में शिक्षकों की समस्याओं पर हुआ मंथनः रिपोर्ट नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद के राठ कसबा स्थित चित्रगुप्त इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा का चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय चिन्तन शिविर में मुख्य अतिथि संस्थापक अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव मौजूद रहे जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने की। चिंतन शिविर को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र सिंह कार्यवाहक अध्यक्ष जिला कानपुर नगर ने कहा कि इस संगठन के सक्रिय होने से अन्य संगठनों व राजनैतिक दलों में खलबली मच गई है। महाससभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रूबीना कुरैशी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी संगठन का पदाधिकारी बनना आसान नहीं होता है। संगठन के पदाधिकारी को अन्य संगठनों एवं सरकार का दबाव झेलना पड़ता है। कहा कि जब हमारा संगठन अपनी एकता का प्रदर्शन करते हुए अपनी आवाज बुलन्द करेगा तो सरकार चाहे जिस की भी हो, हमारे सामने घुटने टेकने को मजबूर हो जायेगी। जौनपुर अध्यक्ष छोटेलाल यादव ने कहा कि संगठन में प्रत्येक पदाधिकारी व सदस्य का सम्मान होना चाहिए। संगठन की मजबूती के लिये सभी की सक्रियता आवश्यक है। कार्यक्रम संयोजक व उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन प्रधानाचार्य महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. सत्यनारायण सिंह परिहार ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सभी आगंतुक शिक्षकों का स्वागत किया। शिविर को नरेन्द्र सिंह यादव राठ, मुस्तेजाव हुसैन मुरादाबाद, ओम दीक्षित, हेमंत सिंह सुलतानपुर आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन विजय कुमार मिश्रा ने किया।