कोंच में पंकज चौधरी का शक्ति प्रदर्शन, वरिष्ठ कार्यकर्ता के घर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में फूंका चुनावी जोश
कोंच (जालौन)। बुंदेलखंड दौरे पर निकले भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का रविवार देर शाम कोंच आगमन राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम रहा। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में पूरे नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।
अपने लंबे काफिले के साथ कोंच पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले मोहल्ला गांधी नगर स्थित भाजपा के वरिष्ठ वयोवृद्ध कार्यकर्ता डॉ. रामस्वरूप खरे के आवास पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं सम्मान पट्टिका भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने में पुराने कार्यकर्ताओं का योगदान अमूल्य है और भाजपा हमेशा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान करती रहेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता सर्वाचरण वाजपेई, ओमप्रकाश अग्रवाल, केशरीमल तरसौलिया, शंभूदयाल स्वर्णकार और भोले गुप्ता, वीरेन्द्र निरंजन सहित कई वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, माधोगढ़ विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के आवास पहुंचे, जहां उनका माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया। वहां से वे उरई रोड स्थित अभिलाषा पैलेस पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मेलन आयोजित हुआ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जोश भरते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाने और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, एमएलसी रमा निरंजन, कोंच नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सत्येंद्र निरंजन शीलू सहित भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इससे पूर्व पंचानन चौराहे पर विधायक पुत्र आशु निरंजन तथा मारकंडेश्वर तिराहे पर नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। ग्राम भेंड़ में भी उनका भव्य अभिनंदन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। सीओ परमेश्वर प्रसाद के निर्देशन एवं कोंच कोतवाल बृजेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
“कोंच में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का दौरा सिर्फ स्वागत-सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान कर संगठन की जड़ों को मजबूत करने का संदेश दिया और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया।”