• Thu. Jun 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

कोंच में नकली पेप्सी का बड़ा भंडाफोड़! लाखों की फर्जी कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक पकड़ा

ByNeeraj sahu

Jun 25, 2026

कोंच में नकली पेप्सी का बड़ा भंडाफोड़! लाखों की फर्जी कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक पकड़ा

वरुण बेवरेज की सूचना पर कार्रवाई, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया, जांच शुरू

उरई/कोंच (जालौन): जालौन जनपद के कोंच कस्बे में नकली पेप्सी के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। वरुण बेवरेज कंपनी की सतर्कता और स्थानीय एजेंसी की सूचना पर लाखों रुपये मूल्य की कथित नकली कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। मामले की शिकायत प्रशासन से की गई है, जिसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग जांच में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 की सुबह वरुण बेवरेज कंपनी के अधिकारियों को सूचना मिली कि कोंच के जवाहर नगर स्थित कंजड़ बाबा क्षेत्र में एक ट्रक से पेप्सी ब्रांड के नाम पर संदिग्ध कोल्ड ड्रिंक का माल उतारा जा रहा है। सूचना मिलते ही कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया माल कंपनी का अधिकृत उत्पाद नहीं पाया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या UP82T5354 में लदा यह माल जवाहर नगर निवासी रामकिशन अग्रवाल द्वारा मंगाया गया था और उसे एक गोदाम में उतारा जा रहा था। इस पूरे मामले की जानकारी कोंच स्थित पेप्सी एजेंसी बालाजी ट्रेडर्स के संचालक आशुतोष व्यास उर्फ आशु ने कंपनी को दी थी।

डायल 112 पर सूचना, पुलिस ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी अधिकारियों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी ब्रांडिंग के जरिए नकली कोल्ड ड्रिंक बाजार में खपाने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी
मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी कोंच हेमंत पटेल को भी दी गई है। पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं। ट्रक में मौजूद माल, दस्तावेजों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

“कोंच में नकली पेप्सी के कथित कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। वरुण बेवरेज कंपनी की सूचना पर पुलिस ने लाखों रुपये की संदिग्ध कोल्ड ड्रिंक से भरे ट्रक को कब्जे में लिया है और उसे मण्डी चौकी में खड़ा किया गया है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि फर्जी माल कहां तैयार हुआ और इसे किन-किन बाजारों में सप्लाई किया जाना था। जांच के बाद पूरे मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।”

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन..

Jhansidarshan.in