*“IAS रिंकू सिंह राही का छापा: PHC से ब्लॉक तक मचा हड़कंप, कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब!”*
जनपद जालौन में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम न्यायिक रिंकू सिंह राही के औचक निरीक्षण ने स्वास्थ्य विभाग और ब्लॉक कार्यालय की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और ब्लॉक कार्यालय में कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले, जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही अचानक निरीक्षण पर पहुंचे, जहां सबसे पहले उन्होंने PHC का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ कमरों में ताले लटके पाए गए। मरीजों ने भी समय पर इलाज और कर्मचारियों की लापरवाही को लेकर शिकायतें कीं। इसके बाद एसडीएम न्यायिक ने ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां भी हालात संतोषजनक नहीं मिले। कई कर्मचारी अपनी सीटों से गायब मिले और कार्यालयों में कामकाज प्रभावित दिखाई दिया। निरीक्षण के दौरान मौजूद कर्मचारियों से जवाब-तलब किया गया और अनुपस्थित कर्मियों की सूची तैयार कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। औचक निरीक्षण की खबर फैलते ही विभागीय कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारी जल्दबाजी में कार्यालय पहुंचते नजर आए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने साफ कहा कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही और जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब इस कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है।