मोक्ष धाम को संवारा, समाज को दिया संदेश — रिटायर्ड एएसपी अमर सिंह यादव ने दो माह की पेंशन की समर्पित संवाददाता : दयाशंकर साहू
पूँछ, झांसी। नगर के सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक अमर सिंह यादव ने समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए मोक्ष धाम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का सराहनीय कार्य किया है। उनके इस कदम की नगर सहित पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। जीवन का अंतिम सत्य कहे जाने वाले मोक्ष धामों की ग्राम स्तर पर स्थिति अक्सर बदहाल रहती है। नगर के मोक्ष धाम की जर्जर हालत को देखते हुए अमर सिंह यादव ने अपने स्तर से वहां कई आवश्यक व्यवस्थाएं कराईं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने काफी समय पहले मोक्ष धाम परिसर में वृक्षारोपण कराया था, जो अब बड़े और छायादार वृक्ष बन चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने वहां पेयजल, विद्युत व्यवस्था और अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों के बैठने के लिए बेंचों की व्यवस्था भी कराई। यह सभी कार्य उन्होंने अपने पूज्य माता-पिता की स्मृति में कराए, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। नगर के सम्मानित नागरिक शत्रुजीत सिंह यादव द्वारा फीता काटकर इन व्यवस्थाओं का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अमर सिंह यादव अपनी संघर्षभरी जिंदगी को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बेहद गरीबी में पढ़ाई कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया और अब समाज सेवा के माध्यम से लोगों के काम आना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि वह अपनी दो माह की पेंशन मोक्ष धाम के रखरखाव और वहां की व्यवस्थाओं के लिए समर्पित करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने माता-पिता की स्मृति में मोक्ष धाम में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को भी इसका लाभ मिल सके। सेवानिवृत्त अधिकारी के इस सराहनीय कार्य की उपस्थित सभी लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।