*राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर की जर्जर सड़क के बहुरेंगे दिन, निर्माण कार्य शुरू*
*प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह व सीएमएस प्रशान्त निरंजन ने किया भूमि पूजन, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए सख्त निर्देश*
उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई परिसर में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के दिन अब बदलने वाले हैं।आज सोमवार को सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने भूमि पूजन कर किया। मेडिकल कॉलेज परिसर की सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शासन के निर्देश पर अब इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को सौंपी गई है, जबकि कार्य काशी कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर दीपक झा द्वारा कराया जा रहा है। भूमि पूजन के बाद प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह व सीएमएस प्रशान्त निरंजन ने निर्माण स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत निरंजन, चिकित्सालय प्रशासक डॉ. चरक सांगवान, यूपीपीसीएल के जेई संदीप सिंह सहित राजकीय मेडिकल कॉलेज के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।