एसपी विनय कुमार सिंह ने थाना कैलिया का किया औचक निरीक्षण
जालौन में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना कैलिया का औचक निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
जालौन पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह द्वारा थाना कैलिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, एचएस इंडेक्स, मिशन शक्ति केंद्र, महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क तथा हवालात का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर संतोष जताते हुए उन्हें समय-समय पर अद्यावधिक किए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित पुलिस पिकेट का भी जायजा लिया। इसके अलावा मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित बैरियर ड्यूटी को चेक कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
तो साफ है कि जालौन पुलिस कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।