• Tue. Jul 8th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ला को झांसी मंडल से भावभीनी विदाई*

ByNeeraj sahu

May 12, 2025

*वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ला को झांसी मंडल से भावभीनी विदाई*

आज दिनांक 12 मई 2025 को मंडल रेल प्रबंधक सभागार, झांसी में एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr.DOM) अखिल शुक्ला को झांसी मंडल से भावभीनी विदाई दी गई। शुक्ला का स्थानांतरण अब उत्तर मध्य रेलवे, मुख्यालय (प्रयागराज) में महाप्रबंधक के सचिव पद पर हुआ है, जहां वे शीघ्र ही नया दायित्व ग्रहण करेंगे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल ने शुक्ला को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया एवं उनके उत्तम कार्यकाल की सराहना की।

अखिल शुक्ला, अपने कार्यकाल के दौरान झांसी मंडल में ट्रेनों के संरक्षित, समयबद्ध एवं कुशल संचालन को सुनिश्चित करने हेतु सतत् सक्रिय रहे। उन्होंने परिचालन विभाग के अंतर्गत अनेक महत्वपूर्ण सुधारात्मक उपायों एवं संरचनात्मक बदलावों को कार्यान्वित किया, जिससे मंडल की परिचालन कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने अपने वक्तव्य में कहा:

> “ अखिल शुक्ला एक कुशल, दूरदर्शी एवं अनुशासित अधिकारी रहे हैं। उन्होंने अपने सेवा काल में परिचालन क्षेत्र में उत्कृष्ट मानक स्थापित किए। मंडल उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा।”

 

इस अवसर पर झांसी मंडल के सभी शाखा अधिकारी, वरिष्ठ पर्यवेक्षक, एवं अन्य रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शुक्ला को उनके नए दायित्व हेतु शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अखिल शुक्ला ने अपने उद्बोधन में झांसी मंडल की टीम भावना, तकनीकी दक्षता एवं कार्य संस्कृति की सराहना करते हुए सभी सहयोगियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि झांसी मंडल में कार्य करना उनके लिए एक सम्मानजनक एवं समृद्ध अनुभव रहा है।

समारोह का समापन सभी अधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से विदाई दी जाने एवं स्मरणीय क्षणों के फोटो सत्र के साथ हुआ।

Jhansidarshan.in

You missed