• Mon. Mar 16th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

नैनो यूरिया के प्रयोग के प्रति किसानों को किया गया जागरुक…

By

May 9, 2022

नैनो यूरिया के प्रयोग के प्रति किसानों को किया गया जागरुक

झाँसी l शासन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार द्वारा इफको के उत्पाद नैनो यूरिया के प्रचार प्रसार तथा नैनो यूरिया के प्रयोग हेतु किसानों को जागरूक करने के उददेश्य से विकास खण्डवार किसान संगोष्ठियों के आयोजन के निर्देश दिये गये है।
नैनो यूरिया इफको की तरल यूरिया है जो 500 मिली लीटर की बोतल में उपलब्ध होती है। प्रति बोतल 240 रुपये की कीमत निर्धारित की गयी है तथा लगभग 125 लीटर पानी में एक बोतल नैनो यूरिया का घोल तैयार करके मशीन के माध्यम से छिड़काव किया जाता है तथा एक बोतल नैनो यूरिया दो बोरी यूरिया के बराबर का काम करती है।
ब्लॉक स्तरीय किसान जागरुकता संगोष्ठियों का आयोजन दिनॉक 06.05.2022 से प्रारम्भ है।
दिनाँक 06.05.2022 को विकास खण्ड बडागांव,
दिनाँक 09.05.2022 विकास खण्ड बबीना,
दिनांक 10.05.2022 को विकास खण्ड बामौर,
दिनॉक 11.05.2022 को विकास खण्ड गुरसराय,
दिनांक 12.05.2022 को विकास खण्ड मऊरानीपुर एवं 14.05.2022 को विकास खण्ड चिरगांव एवं मोठ में संगोष्ठियों का आयोजन किया जाना है।
इसी क्रम में दिनांक 09.05.2022 को विकास खण्ड बबीना में संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्रीय कृषको के अतिरिक्त विकास खण्ड बबीना के सहकारी समितियों के सभी सचिवों द्वारा भाग लिया गया।
संगोष्ठी में क्षेत्र अधिकारी इफको जीतेन्द्र सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि इफको नैनो यूरिया के प्रयोग से एक तरफ जहाँ कृषि लागत में कमी आती है वहीं दूसरी तरफ नैनो यूरिया का पत्तियो पर छिड़काव करने से नाइट्रोजन की सफलतापूर्वक आपूर्ति हो जाती है, जिससे उत्पादन और उत्पाद की गुणवत्ता में वृद्धि के साथ साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है। संगोष्ठी में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता अनूप कुमार द्विवेदी एवं उप आयुक्त एवं उप निबन्धक सहकारिता झांसी मण्डल झांसी उदय भानु सिंह द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किये गये। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्रीय किसानों को अवगत कराया कि जनपद में नैनो यूरिया की कुल उपलब्धता 20000 बोतल है एवं इसे प्रत्येक सहकारी समिति उपलब्ध कराया जा रहा है। सहकारी समिति से ही नैनो यूरिया के छिड़काव हेतु मशीन भी किसान भाइयो को उपलब्ध करायी जा रही है ताकि बिना किसी समस्या के किसान भाई नैनो यूरिया का लाभ उठा सके।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुये जिला सहकारी बैंक लि० झांसी के निदेशक पुरुषोत्तमदत्त स्वामी सभापति द्वारा बताया गया कि इफको नैनो यूरिया (तरल) नैनो तकनीक पर आधारित एक अनोखा उर्वरक है जो विश्व में पहली बार इफको द्वारा विकसित किया गया है तथा भारत सरकार द्वारा अनुमोदित है। स्वामी ने किसानों से अपील की कि वह कम से कम एक बार नैनो यूरिया का प्रयोग जरूर करे तभी वह नैनो यूरिया के लाभ से परिचित हो पायेगें ।

Jhansidarshan.in