एल-1, एल-2 हॉस्पिटल का संचालन तत्काल प्रारंभ हो, पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किये जाने के निर्देश
एल-1 श्रेणी में 250 बेड उपलब्ध,सभी तैयारियां जल्द पूर्ण करने के निर्देश
सैम्पुलिंग टीम के साथ व एल-1 हॉस्पिटल में पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित हो
कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग में तेजी लाए जाने के निर्देश
वैक्सीनेशन में तेजी लाएं ताकि करोना के प्रभाव को रोका जा सके
आज विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कोविड-19 कोर ग्रुप की बैठक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि हमारे पास चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। हमें अब यह भी जानकारी है कि कोरोना से कैसे निपटा जाना है, बस जरूरत है कि हम आपस में मिलकर कोरोना से निपटना है ताकि उसे हराया जा सके।
उन्होंने कहा कि लगातार कोविड-19 के केसो की बढ़ोतरी हो रही है। अतः इस स्थिति में एल-1 हॉस्पिटल को पुनः संचालित किया जाना अत्यंत आवश्यक है ताकि मेडिकल कॉलेज में मरीजों की ज्यादा भीड़ ना हो, वहीं मरीज जाएं जो समुचित गंभीर हैं।
उन्होंने नगर निगम के आश्रय स्थल, बड़ागांव, कैंट हॉस्पिटल में एल-1 तैयार करते हुए पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे हॉस्पिटल को एल-2 बनाए जाने के निर्देश दिए, सभी व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण कर लें।
कोर ग्रुप की बैठक में सीडीओ ने प्राइवेट नर्सिंग होम से भी कोरोना वायरस से निपटने में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार पहले आप सभी का सहयोग मिला उसी प्रकार आप भी सहयोग दें ताकि कोरोना वायरस को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या हो तो तत्काल बताएं उसका निराकरण किया जाएगा।
सीडीओ ने ग्रामीण क्षेत्र में आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम द्वारा वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक लोग वैक्सीन के लिए आगे आएं।
बैठक में कान्ट्रेक्ट ट्रेसिंग में तेजी लाए जाने के निर्देश देते हुए सीडीओ ने कहा कि सभी चिन्हित लोगों की सही जांच हो व उपचार किया जाए। सैम्पुलिंग के लिए जो टीम जा रही है उसके साथ अभद्रता ना हो, पुलिस टीम साथ में मौजूद रहे। होम आइसोलेशन में जो मरीज हैं उनकी लगातार जानकारी लेते रहें ताकि उन्हें सुरक्षित किया जा सके।
कोर ग्रुप की बैठक में एक्टिव क्वारंटाइन, दवाओं की उपलब्धता, एंटीजन टेस्टिंग, कोविड बेड उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस मौके पर एडीएम बी प्रसाद, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डा. एन एस सेंगर, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल,एसीएम श्रीमती वान्या सिंह, डा.नीरज कुमार बनोरिया, डॉक्टर सुधीर कुलश्रेष्ठ, डॉक्टर एन के जैन,डा.आर आर सिंह सहित अन्य चिकित्सक अधिकारी उपस्थित रहे ।