*सीओ राहुल पाण्डेय और एसएसआई राजेश सिंह के आगे बेदम हुये पत्रकार, मिली करारी मात*
जालौन के कोंच के एसआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में आज कोंच तहसील के पत्रकारों और प्रशासन एकादश के बीच मैत्री मैच खेला गया, जहां क्षेत्राधिकारी कोंच राहुल पांडे की शानदार बल्लेबाजी और कोंच कोतवाली के एसएसआई राजेश सिंह की घातक गेंदबाजी के कारण प्रशासन एकादश ने पत्रकारों को 15 रन से करारी मात दी है। प्रशासन एकादश की तरफ से पत्रकार एकादश को 16 ओवर में 146 रनों की आवश्यकता थी लेकिन पत्रकार एकादश 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 130 रन बना सके। कोंच के एसआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में खेले गये इस मैच का शुभारंभ जालौन के भाजपा सांसद भानु प्रताप सिंह वर्मा और माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने फीता काटकर किया। बाद में उनके द्वारा सिक्का उछाला गया, जिसमें पत्रकार एकादश के कप्तान द्वारा टॉस जीता गया और उन्होंने पहले फील्डिंग का फैसला लिया। प्रशासन एकादश की तरफ से पारी की शुरुआत पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह तथा उरई सीओ संतोष कुमार ने की लेकिन पुलिस अधीक्षक के रूप में पहली ही गेंद पर प्रशासन एकादश को झटका लग गया। बाद में बल्लेबाजी करने के लिए कोंच सीओ राहुल पांडे ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 74 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें उन्होंने 12 चौके लगाए। इसके अलावा उरई सीओ संतोष कुमार द्वारा 19 रन की पारी खेली गई जबकि 44 रन पत्रकार एकादश की तरफ से अतिरिक्त दिए गए। इसके अलावा प्रशासन एकादश की तरफ से एसएसआई कोंच राजेश कुमार ने 3, थानाध्यक्ष एट विनय दिवाकर ने 1, थानाध्यक्ष कोटरा शीतांशु पटेल ने 9, खेड़ा चौकी प्रभारी शफीक अहमद ने 7 और क्राइम इंस्पेक्टर उदयभान गौतम द्वारा 4 रन बनाये है। प्रशासन एकादश ने 16 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाये। पत्रकार एकादश की तरफ से दुर्गेश कुशवाहा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिये, जबकि गैर पत्रकार सुमित यादव ने 2, मृदुल और पी.डी. रिछारिया ने एक-एक विकेट लिये। 16 ओवर में 146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश के ओपनर बल्लेबाज मृदुल और वरिष्ठ पत्रकार असद अहमद ने सधी हुई शुरुआत की और 49 रन की साझेदारी की जिसे एसएसआई कोंच राजेश सिंह ने तोड़ा। बाद में एसएसआई राजेश सिंह और शफीक अहमद की खतरनाक गेंदबाजी के आगे पत्रकार एकादश बार बार बौने साबित हुये और 130 रन ही बना सके। एसएसआई राजेश सिंह ने 23 रन देकर 4 विकेट लिये, जबकि शफीक अहमद ने 3 और शीतांशु पटेल ने 1 विकेट लिया। पत्रकार एकादश की तरफ से संजय ने 30, मृदुल ने 27 रन बनाये। शानदार बल्लेबाजी करने के लिए कोंच सीओ राहुल पांडे को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड से नवाजा गया। वही विजेता टीम के कप्तान अपर पुलिस अधीक्षक जालौन राकेश सिंह को ट्रॉफी दी गई।