योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दें ताकि योजनाओं में शासन स्तर पर धनाभाव की समस्या ना हो
** आने वाले समय में पेयजल समस्या से निपटने के लिए अभी से तैयारियां कर लें, हर घर नल जल योजना में तेजी लाएं
** स्मार्ट सिटी के कार्यों को पूर्ण करने की समय सीमा तय की जाए
** विद्युत विभाग रहा निशाने पर सांसद जालौन सहित समस्त जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई अनेको शिकायतें
** विद्युत विभाग द्वारा टाउन एरिया में आईपीडीएस के कार्यों की रिपोर्टिंग के बाद ही भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा
** मनरेगा अंतर्गत किसी भी गांव के जॉब कार्ड की रैडमली जांच के आदेश
मा. सांसद जालौन-गरौठा-भोगनीपुर भानु प्रताप सिंह वर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक में उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि आप अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा करें। उन्होंने कहा कि कई बार यह देखा गया कि योजनाओं में धनाभाव के कारण लम्बित रह जाती हैं तो ऐसी स्थिति में यदि आप जानकारी दें या जो पत्र शासन को प्रेषित किया गया, वह उपलब्ध कराएं तो जनप्रतिनिधियों द्वारा शासन स्तर पर इसे अवगत कराते हुए धनराशि प्राप्त किया जा सकेगा और योजना पूर्ण हो सकेगी। उन्होंने कहा कि गर्मियां आने वाली हैं, अतः क्षेत्र में पेयजल संकट एक बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए अभी से एक्शन प्लान बना लें जहां जहां टैंकर से पेयजल आपूर्ति की जानी है वहां रोडमैप बना लें ताकि समय से टैंकर उपलब्ध हो सके।
सांसद जालौन की अध्यक्षता में आयोजित दिशा बैठक में 42 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई, विद्युत विभाग जनप्रतिनिधियों के निशाने पर रहा, सभी ने विद्युत विभाग के कार्य और कार्य प्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया। सांसद जालौन ने ग्राम बरमाइन में विद्युत लाइन के पोल झुकने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि आईपीडीएस योजना अंतर्गत कार्यों की रिपोर्टिंग के बाद ही भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टाउन एरिया में क्या कार्य किया गया, कितने ट्रांसफार्मर, कितनी केबल तथा पोल लगाए गए तथा कितनी धनराशि व्यय की गई सभी की जानकारी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। दिशा बैठक में एजेंडे पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों को पूर्ण करने के लिए समय सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए, उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड बनाए जाने तथा रेंडम ली किसी गांव में जॉब कार्ड की जांच कराए जाने की भी निर्देश दिए उन्होंने एनआरएलएम के अंतर्गत कितने स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं इसकी भी सूची उपलब्ध कराए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने दिशा बैठक में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाए जाने हेतु दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की जानकारी ली। उन्होंने बैंक क्रेडिट लिंकेज की शून्य रहने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जनपद में श्मशान घाट एवं खेलकूद मैदान की सूची उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। दिशा बैठक में उन्होंने मनरेगा में ज्यादा से ज्यादा कार्य कराए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जॉब कार्ड बनाए जाने के लिए अभियान चलाएं और ऐसे श्रमिक जिन्होंने 100 दिन काम किया है उनकी सूची उपलब्ध कराएं। साथ ही कन्वर्जेंस के कार्यों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं ताकि किए गए कार्यों की जांच की जा सके।
सांसद झांसी ललितपुर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे किसान जिन्हें 2019 में बीमा धनराशि प्राप्त नहीं हुई है, उनकी सूची तैयार कर लें ताकि भारत सरकार द्वारा जब पोर्टल खोला जाए तो उनकी फील्डिंग करते हुए उन्हें फसल बीमा लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने बैठक में मऊरानीपुर की सुखनई नदी में गिरने वाले 12 गंदे नालों की जानकारी ली। बरुआसागर तालाब के विषय में जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि प्रभागीय वनाधिकारी एवं प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी संयुक्त रूप से विजिट करते हुए नदी व तालाब को कैसे स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त किया जाए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। दिशा बैठक में सी.वी. मिश्रा सहायक मंडल अभियंता रेलवे से स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे ने जो 5 सड़कें अपने भारी वाहनों के आवागमन से क्षतिग्रस्त की है उन्हें पेनाल्टी नोटिस दिया जाए ताकि उन सड़कों का अनुरक्षण कार्य कराया जा सके। उन्होंने जल निगम द्वारा संचालित पाइप पेयजल योजना की जानकारी लेते हुए कहा कि 114 परियोजनाएं हैं 27 परियोजनाएं जो क्षतिग्रस्त हैं एस्टीमेट बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे, अभी तक स्टीमेट नहीं बनाया गया उन्होंने तत्काल जल निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी, जल संस्थान को स्टीमेट बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुरसराय, टहरौली, मऊरानीपुर डार्क जोन में पेयजल समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने विधायक सदर रवि शर्मा ने नगरीय क्षेत्र में विद्युत बिलों की गड़बड़ी की शिकायतें करते हुए कहा कि उपभोक्ता बहुत परेशान है और अधिकारी सुनते नहीं। उन्होंने कहा विधायक निधि की धनराशि दिए जाने के बाद भी 6 माह से कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवासीय योजना (शहरी) की जानकारी देते हुए कहा कि लाभार्थियों को प्रथम किस्त दे दी गई है और काम शुरू हो गया, परंतु किसी की आपत्ति पर द्वितीय किस्त रोक दी गई ऐसी स्थिति में भी काम भी पूरा नहीं हो सका तथा धनराशि भी फंस गई है, इसका निस्तारण कैसे किया जाए।
विधायक सदर ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजना की जानकारी ली। उन्होंने जनपद में कितने कृत्रिम गर्भाधान अब तक कितना किया गया, क्या लक्ष्य निर्धारित है। लगभग 01 लाख 40 हजार गौवंश का मुफ्त गर्भाधान किया जाना है। उन्होंने कहा कि झांसी से प्रतिदिन विदेशी अभिभावकों द्वारा बच्चों को गोद लिए जाने की जानकारी दी, यह बच्चे कहां से आ रहे हैं, इसकी टीम गठित कर जांच कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना अंतर्गत अब तक कितने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया की जानकारी ली। इस पर उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 23909 युवाओं को 573 करोड़ धनराशि वितरित कराई जा चुकी है और इस धनराशि से रोजगार सृजन हुआ है। नगर में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने अमृत योजना अंतर्गत बराठा से पेयजल आपूर्ति निरंतर हो विद्युत जाने के बाद वहां जनरेटर की उपलब्धता होना चाहिए ताकि आपूर्ति सुचारू रहे। उन्होंने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आती है ताल के टेंडर हो जाने के बाद भी अभी तक काम शुरू नहीं किया गया पर नाराजगी भी व्यक्त की।
दिशा बैठक में विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने मनरेगा अंतर्गत अस्ता तालाब के गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य कराए जाने का सुझाव दिया ताकि क्षेत्र में जल संकट को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत जूनियर हाई स्कूल को उच्चीकृत करते हुए हाई स्कूल बनाए जाने की योजना है तो प्रस्ताव शासन को प्रेषित करें। उन्होंने डीएमएफ से क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान निकाले जाने का सुझाव दिया। विधायक गरौठा ने क्राप कटिंग प्रक्रिया का मुद्दा उठाया तथा उन्होंने क्रॉप कटिंग की जांच कराए जाने की बात कही जिलाधिकारी द्वारा विगत 5 वर्षों का क्षेत्र में उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने धान, मूंग, तिल, मूंगफली आदि के उत्पादन का बिंदुवार आंकड़ा प्रस्तुत किया।
दिशा बैठक में विधायक मऊरानीपुर बिहारी लाल आर्य ने विद्युत विभाग द्वारा बुनकरों को गलत विद्युत बिल ठीक कराए जाने की बात कही और कहा कि विद्युत विभाग मैं तैनात प्राइवेट लोग आम जनता का शोषण कर रहे। उन्होंने क्षेत्र में अपात्रों के पास राशन कार्ड की भी शिकायत करते हुए जांच कराए जाने की भी सलाह दी।
इस मौके पर एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन, जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, सीएमओ डा.जेके निगम, डीएफओ एनके मिश्रा, एडीएम बी प्रसाद, डीडीओ श्री उग्रसेन सिंह यादव सहित विद्युत विभाग जल निगम, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।