• Thu. Feb 26th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

प्रदेश आत्मनिर्भर भारत के अन्तर्गत प्रधानमंत्री स्वःनिधि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रथम,आशुतोष टण्डन,मंत्री

By

Feb 10, 2021

झांसी का ऐतिहासिक, सामाजिक महत्व, हमारे प्रदेश का गौरवशाली महानगर इसके गौरव में चार-चांद लगे, इसके लिये प्रदेश सरकार प्रतिबद्व

स्मार्ट सिटी के कार्य संतोषजनक, फेस 3 में चयन होने के बाद पूरे देश में स्मार्ट सिटी में होने वाले कार्यो में झांसी महानगर प्रथम

**प्रदेश आत्मनिर्भर भारत के अन्तर्गत प्रधानमंत्री स्वःनिधि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रथम

**अमृत मिशन योजना के कार्य समयबद्व ढंग से पूर्ण हो ताकि सभी को शुद्व जल उपलब्ध हो सके

**पेयजल समस्या से निपटने हेतु एक्शन प्लान बनाकर उसे त्वरित गति से क्रियान्वित किये जाने के निर्देश

** स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आई सी सी सी बेहद महत्वपूर्ण एक माह में पूर्ण रूप से संचालित किए जाने के निर्देश
झाँसी l मंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार गरीबी उन्मूलन, उ0प्र0 सरकार आशुतोष टण्डन जी द्वारा सर्किट हाउस में नगर निगम के कार्यो सहित स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यो की प्रगति की जानकारी एवं समीक्षा के साथ 9 विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होने कहा कि झांसी का प्रदेश में गौरवशाली स्थान है, इस महानगर का गौरव बना रहे, उसमें चार-चांद लगे। इसके लिये प्रदेश सरकार, समस्त प्रतिनिधि लगातार प्रयासरत है और इन प्रयासों का सुखद परिणाम भी दिखने लगा है।
समीक्षा के दौरान मंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार गरीबी उन्मूलन मंत्री जी ने कहा कि पेयजल समस्या से निपटना हमारी प्राथमिकता है। उन्होने अमृत योजना (जो अब अटल नवीनीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन है) की समीक्षा करते हुये अमृत कार्यक्रम के अन्तर्गत झांसी पेयजल पुर्नगठन योजना फेज 1,2 के कार्यो की जानकारी ली। वर्तमान में फेज 1 की प्रगति 63 प्रतिशत है, मेडीकल कालेज एवं कोछाभांवर जोन में पेयजलापूर्ति आरम्भ कर दी गयी है तथा गुमनावारा में आंशिक रुप से पेयजल आपूर्ति प्रारम्भ है। फेज 2 के अन्तर्गत कार्य प्रारम्भ है और प्रगति 22 प्रतिशत एवं योजना पर रु 110.13 करोड़ का व्यय किया जा चुका है। बैठक में अमृत योजनान्तर्गत झांसी नगर में कराये जाने वाले कुल 7 पार्को के निर्माण कार्यो की भी समीक्षा की गयी।
मा नगर विकास मंत्री जी अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष श्री जमुना प्रसाद कुशवाहा एवं महानगर अध्यक्ष श्री मुकेश मिश्रा ने योजनान्तर्गत जल निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यो पर घोर निन्दा करते हुये कहा कि क्षेत्र विशेष रुप से शिवाजी नगर में पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को वैसे ही छोड़ दिया गया। लगभग 3 माह से क्षेत्र में आये दिन दुर्घटनाये हो रही है, इसी प्रकार उन्होने बरुआसागर क्षेत्र में पेयजल समस्या की जानकारी देते हुये कहा कि वहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति लगभग 3 वर्षो से प्रभावित और लोगों को विकट समस्या का सामना करना पड़ता है। विभागीय अधिकारी समस्या को निपटाना नही चाहते। मा मंत्री जी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये तत्काल जल निगम, जल संस्थान के अधिकारियों को जिलाध्यक्ष भाजपा के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर समस्या को निस्तारित करने के निर्देश दिये।
नगर निगम झांसी के विकास कार्यों एवं स्मार्ट सिटी के कार्यो की समीक्षा में नगर आयुक्त श्री अवनीश कुमार राय ने मा मंत्री जी को 14वें व 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि व उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होने बताया कि महानगर में गढढामुक्त एवं सड़कों का नवीनीकरण कार्य लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। नगर निगम ने 05 जुलाई 2020 को 75200 पौधों का रोपण किया। वृक्षारोपण हेतु कुल 23 स्थलों का चयन किया और एक ही दिन में लक्ष्य पूर्ण किया गया। कर एवं करेत्तर देयो की वसूली के बारे में नगर आयुक्त ने बताया कि 2511.40 लाख लक्ष्य के सापेक्ष अभी वसूली 1244.90 लाख है जो कम है लेकिन अभी समय है और प्रयास करते हुये वसूली को बढाया जायेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलैशन, ट्रांसपोर्टशन एवं प्रोसेसिंग, व्यक्तिगत/सामुदायिक/सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की प्रगति, स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की तैयारी की अद्यतन स्थिति की बिन्दुवार जानकारी दी। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबधन हेतु करारी में एमआरएफ सेन्टर के निर्माण कार्य के बारे में मा0 नगर विकास मंत्री जी को बताया। मंत्री जी ने कहा कि सभी कार्य समयबद्व ढंग से पूर्ण हो ताकि लोगों को लाभ समय से प्राप्त हो सके।
नगर आयुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की तैयारी की अद्यतन स्थिति से भी नगर विकास मंत्री जी को अवगत कराते हुये बताया कि नगर निगम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के लिये ओडीएफ का क्यूसीआर द्वारा सत्यापन किया जा चुका है। 60 वार्डो में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त समस्त सार्वजनिक शौचालयों, सामुदायिक शौचालय, पेशाबघर का भी दिन में चार बार सफाई कार्य कराया जाता है। एनजीओ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जागरुकता अभियान कार्यक्रम किये जा रहे है।
नगर निगम झांसी की समीक्षा बैठक में निराश्रित गौवंश हेतु गौ आश्रय स्थल की जानकारी देते हुये नगर आयुक्त ने बताया कि 1305 कुल सरंक्षित पशु है जिसमें 630 बधियाकरण किया जा चुका है। तथा शत-प्रतिशत इयर टैगिंग कर लिया गया है। उन्होने कहा कि गौवंश हेतु01 करोड़ 50 लाख खाद्यान्न के लिये मांगपत्र प्रेषित किया परन्तु मात्र 36 लाख ही धनराशि प्राप्त हुई। मंत्री जी ने शेष धनराशि तत्काल दिये जाने के निर्देश दिये ।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में 5 आश्रय गृह का संचालन किया गया, जिसमें रात्रि में ठहरने वाले व्यक्तियों व महिलाओं को नियमित रुप से कम्बल, रजाई, गददा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करायी गयी। जनपद में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेण्डर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना की भी जानकारी देते हुये बताया कि 14121 का पंजीकरण किया गया। विभिन्न स्तर पर कार्यवाही प्रचलित है तथा 6376 को लाभान्वित किया जा चुका है। उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी।
समीक्षा बैठक के पश्चात मा0 नगर विकास मंत्री जी द्वारा लगभग रु 27 करोड़ की धनराशि से 9 कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में नगर वासियों को शुभकामनाये देते हुये कहा कि झांसी का प्रदेश में गौरवशाली स्थान है, इस महानगर में चार-चांद लगे, इसके लिये प्रदेश सरकार प्रतिबद्व है। झांसी स्वच्छता में 169 नम्बर पर था परन्तु विगत दो वर्षो में 60 वें स्थान पर आ गया है। इस वर्ष झांसी टाॅप 10 में शामिल हो ऐसे प्रयास किये जाये। उन्होने कहा कि मोदी जी ने देश भर में 100 स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की, जिसमें स्मार्ट सिटी बनाने के लिये 10 महानगर उ0प्र0 को मिले है। प्रदेश में 17 नगर निगम है जो 7 शेष रह गये, उन्हे योगी जी राज्य स्मार्ट सिटी घोषित कर दिया।
उन्होने स्मार्ट सिटी के कार्यो पर संतोष व्यक्त किया और आईसीसीसी के कार्य की तारीफ करते हुये बताया कि झांसी महानगर इस कन्ट्रोल रुम से कन्ट्रोल किया जा सकेगा। एक स्थान से ही ट्रैफिक, सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, सीवेज सभी कन्ट्रोल होगा, उन्होंने कंट्रोल रूम के कार्य को 1 माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि नगर वासियों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
नगर विकास मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि गंगा सहित समस्त नदियां अविरल रहे, दूषित जल का शोधन करते हुये उसे नदी में प्रवाह किया जाये, जो अब हो रहा है। प्रधानमंत्री जी ने बजट में विशेष प्रावधान किया जिससे शहरी क्षेत्र में नल के द्वारा शुद्व जल हर घर को मिले। उन्होने कहा कि पीएम जो भी समस्या का निदान करते है उसका सम्पूर्ण हल होता है। वर्ष 2022 तक सभी को घर मिले, इस योजना में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी की मंशा है कि सभी को योजनाओं का लाभ मिले और समस्त योजनाओं की वह स्वयं मानीटरिंग करते है, पहले मुख्यमंत्री है जो प्रदेश के सभी जिलों में भ्रमण किया है।
इस मौके पर मेयर रामतीर्थ सिंघल, विधायक सदर रवि शर्मा, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, प्रतिनिधि सांसद झांसी ललितपुर अतुल अग्रवाल, मण्डलायुक्त सुभाष चन्द्र शर्मा, जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी, विशेष सचिव इन्द्रमणि, उप नगर आयुक्त शादाब असलम, नोडल स्मार्ट सिटी अमित कुमार शर्मा सहित जल निगम, जल संस्थान, नगरीय आवास से जुड़े अधिकारीगण, विभिन्न वार्डो के पार्षदगण व अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

Jhansidarshan.in