भारत की आजादी और साम्राज्यवादी शक्तियों के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने – मनीराम कुशवाहा
झांसी। आज जिला कांग्रेस कमेटी झांसी के तत्वाधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125 वीं जयंती गणेश कॉलोनी खुशीपुरा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीराम कुशवाहा के मुख्य आतिथ्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्रीमती नीता अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला सचिव मीना आर्य के संयोजन में मनाया गया।
सर्वप्रथम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर उपस्थित कांग्रेस जनों ने पुष्पांजलि की तदोपरांत सेना से रिटायर्ड सूबेदार श्री जे के दौरे को सम्मानित किया गया तत्पश्चात गोष्ठी को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के भारत की आजादी में अहम योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में विचार व्यक्त करते हुए मनीराम कुशवाहा ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने भारत की आजादी और साम्राज्यवादी ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया उन्होंने आजाद हिंद फौज की स्थापना की और अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नीता अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं को भी भागीदारी देने के उद्देश्य आजाद हिंद फौज में रानी झांसी ब्रिगेड का गठन किया। तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा का उदघोष करने वाले महान देशभक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन हमें राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है।
वक्ताओं में रिटायर्ड सूबेदार जे. के. दोहरे, गिरजा शंकर राय, दुलीचंद कुशवाहा, ऋषभ साहू, आबिदा, सलमा, मुनीर अहमद, राजेश कुशवाहा, विक्की वर्मा, मनीष आदि ने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी का संचालन अमीर चंद आर्य एवं आभार सुनील राय ने व्यक्त किया।