*रक्तदान महादान: जिला न्यायालय परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित*
——————–
झाँसी। मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि रखते हुए जिला न्यायालय परिसर, झाँसी में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी श्रीमती कमलेश कच्छल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन तथा माननीय सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ईशा त्रिपाठी के निर्देशन में हुआ।
उद्घाटन अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल ने कहा कि रक्तदान सबसे श्रेष्ठ दान है। किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विधिक सहायता के साथ-साथ समाज के प्रति मानवीय दायित्वों का निर्वहन करना हम सभी का कर्तव्य है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने शिविर का समन्वय करते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध कराना मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है, जिससे किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है।
शिविर का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब रहा, जब माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कनिष्क सिंह ने स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान किया। उनके इस प्रेरक कदम से न्यायालय परिसर में उपस्थित विधि छात्र-छात्राओं (इंटर्न्स), युवा अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रक्तदान शिविर के सफल संचालन में जिला अस्पताल, झाँसी की चिकित्सकों, नर्सों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।