• Tue. Jun 30th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

उत्कृष्ट संरक्षा कार्य के लिए 14 कर्मचारियों को डीआरएम ने किया सम्मानित

ByNeeraj sahu

Jun 29, 2026
उत्कृष्ट संरक्षा कार्य के लिए 14 कर्मचारियों को डीआरएम ने किया सम्मानित
झांसी, दिनांक 29 जून 2026।

मंडल रेल प्रबंधक, झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार के करकमलों द्वारा आज मंडल कार्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, सतर्कतापूर्ण एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल में सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सतर्कता, सजगता एवं समय पर की गई कार्रवाई के कारण अनेक संभावित रेल दुर्घटनाओं को टाला जा सका तथा रेल संचालन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कुल 14 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ₹1,000-₹1,000 की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में श्री के. के. वर्मा स्टेशन प्रबंधक-परीछा, श्री नैन सिंह उप स्टेशन प्रबंधक-इचौली, श्री वी. के. गौतम उप स्टेशन प्रबंधक-बबीना, श्री आदित्य कुमार गुड्स ट्रेन मैनेजर, बाँदा, श्री वीरेन्द्र कुमार गुड्स ट्रेन मैनेजर, झाँसी, श्री ओम प्रकाश कुशवाहा गुड्स ट्रेन मैनेजर, झाँसी,  श्री जवदीश नारायण मीना गुड्स ट्रेन मैनेजर, झाँसी, श्री कैलाश अग्रवाल ट्रेन मैनेजर, बाँदा, श्री धीरेन्द्र कुमार यादव कांटेवाला (ए), खेरा जंक्शन, श्री शिव प्रकाश  कांटेवाला जीरोन, श्री कुलदीप कांटेवाला (ए), सिथौली, श्री गजेन्द्र कुमार पाण्डेय कांटेवाला (ए), ललितपुर, श्री शैलेन्द्र कुमारकांटेवाला (ए), ललितपुर तथा श्री धीरेन्द्र सिंह कांटेवाला (बी), बसई स्टेशन प्रबंधक, उप स्टेशन प्रबंधक, गुड्स ट्रेन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर तथा विभिन्न स्टेशनों के कांटेवाले शामिल रहे।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सजगता ही सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है तथा इस प्रकार के सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे।

पुरस्कार समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती उर्वशी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे I

(2).
झांसी मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट निरीक्षकों एवं बुकिंग कर्मचारियों का सम्मान
यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते हुए रेलवे राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देने वाले झांसी मंडल के टिकट चेकिंग एवं टिकट बुकिंग कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ऐसे 13 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने एक कार्य दिवस में एक लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित कर अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन का परिचय दिया। सम्मानित टिकट चेकिंग कर्मचारियों में श्री अभिषेक जगधारी, श्री भूपेन्द्र मीणा, श्री सोनू राय, श्री देवी सिंह मीणा, श्री साजिद अनवर, श्री नीरज वर्मा, श्री रजेंद्र कुमार, श्री वैभव अग्रवाल, श्री अमित गुप्ता, श्री महेंद्र सिंह पटेल, श्री मोहम्मद मुदस्सर खान, श्री हरजीत सिंह एवं श्री अविनाश करोसिया शामिल हैं।
इसी प्रकार अनारक्षित टिकट बुकिंग कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक कार्य दिवस में 800 से अधिक अनारक्षित टिकट वितरित कर यात्रियों को त्वरित एवं सुगम सेवा उपलब्ध कराने वाले दो बुकिंग कर्मचारियों, श्री अजय सक्सेना एवं श्री गुलाम गौस, को भी नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने इस अवसर पर कहा कि रेलवे की छवि को सुदृढ़ बनाने में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजस्व वृद्धि में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के साथ यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
यह सम्मान समारोह झांसी मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने तथा सेवा उत्कृष्टता की संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
(3).

*व्यापारियों के लिए पार्सल वैन बुकिंग हुई और आसान,
अब 90 दिन पहले तक कर सकेंगे इंडेंट*

रेलवे ने व्यापारियों और पार्सल ग्राहकों को बड़ी सुविधा देते हुए पार्सल वैन (VP) बुकिंग की प्रक्रिया को और सरल एवं पारदर्शी बना दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब व्यापारी अपनी आवश्यकता के अनुसार माल ढुलाई के लिए पसंदीदा लोडिंग तिथि से 90 दिन पहले तक पार्सल वैन की मांग (इंडेंट) दर्ज करा सकेंगे। इससे व्यापारियों को अपने व्यापार एवं माल परिवहन की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

नई व्यवस्था में पार्सल वैन का आवंटन लोडिंग की पसंदीदा तिथि के आधार पर किया जाएगा। यदि एक ही तिथि के लिए एक से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो प्राथमिकता आवेदन जमा करने की तारीख और समय के अनुसार तय की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।

रेलवे द्वारा अधिक मांग वाले स्टेशनों को अधिसूचित (नोटिफाइड) स्टेशन घोषित किया जा सकेगा। ऐसे स्टेशनों पर पार्सल वैन पंजीकरण शुल्क ₹25,000 प्रति वैन तथा अन्य स्टेशनों पर ₹10,000 प्रति वैन निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, यदि रेलवे पसंदीदा लोडिंग तिथि के 10 दिनों के भीतर पार्सल वैन उपलब्ध नहीं करा पाता और ग्राहक अपना इंडेंट निरस्त करना चाहता है, तो उसे जमा की गई पूरी पंजीकरण राशि वापस कर दी जाएगी।

रेलवे की इस नई व्यवस्था से व्यापारियों को माल परिवहन के लिए अधिक सुविधा, बेहतर योजना और पारदर्शी सेवा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

 
(4).
 रेलवे ने माल ढुलाई के लिए व्यस्त मौसम शुल्क (Busy Season Charge) में दी छूट

रेल मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘लीन सीजन’ (Lean Season) की घोषणा की गई है, जिसके तहत कुछ श्रेणी की माल ढुलाई पर व्यस्त मौसम शुल्क (Busy Season Charge-BSC) नहीं लिया जाएगा।

इसके अनुसार, कवर वैगनों (BCN समूह) में परिवहन की जाने वाली सभी वस्तुओं पर जुलाई, अगस्त एवं सितंबर 2026 के दौरान BSC से छूट रहेगी।

इसी प्रकार, खुले वैगनों में परिवहन की जाने वाली अधिकांश वस्तुओं पर अगस्त एवं सितंबर 2026 में BSC नहीं लगेगा। हालांकि लौह अयस्क, चूना पत्थर, डोलोमाइट तथा लोहा एवं इस्पात से संबंधित कुछ वस्तुएं इस छूट के दायरे में नहीं होंगी।

रेलवे द्वारा यह व्यवस्था उद्योगों, व्यापारियों एवं संभावित ग्राहकों को कम लागत पर माल परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक रेल माल लदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

व्यापारी एवं उद्योग जगत के ग्राहक इस अवधि का लाभ उठाकर अपनी माल ढुलाई रेलवे के माध्यम से अधिक किफायती दरों पर कर सकते हैं।

Jhansidarshan.in