मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा आज दिनांक 22.09.2025 को झाँसी मंडल के दो कर्मचारियों को सतर्कता, सजगता एवं उत्कृष्ट कार्य हेतु संरक्षा प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रेल संचालन के दौरान अनियमितताओं को भांपते हुए त्वरित कार्यवाही कर रेल संचालन को संरक्षित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इन कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। इनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक कर्मचारी को ₹1000/- का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
/सम्मानित कर्मचारियों के नाम निम्न है*
1. मनोज कुमार पटेल, काँटेवाल (ए), बाँदा
2. प्रीतम पाराशर, ट्रैकमैन-III, बाँदा
मंडल रेल प्रबंधक ने दोनों कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता एवं सजगता पूर्वक कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।
झाँसी मंडल में अनधिकृत वेंडरों पर सख्त कार्रवाई – गाड़ी संख्या 12143, उरई स्टेशन एवं ग्वालियर स्टेशन पर कुल 08 वेंडर पकड़े गए
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के नेतृत्व में झाँसी मंडल में स्टेशनों एवं ट्रेनों में अनधिकृत वेंडरों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज वाणिज्य विभाग के खानपान निरीक्षकों द्वारा उरई रेलवे स्टेशन पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गाड़ी संख्या 12143 में जाँच की गई, जिसमें 04 अनधिकृत वेंडर खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़े गए। वहीं, उरई स्टेशन पर 03 अनधिकृत वेंडर पाए गए। इसके अतिरिक्त ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 से भी 01 अनधिकृत वेंडर पकड़ा गया।
जाँच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पकड़े गए सभी वेंडरों के पास कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। सभी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की गई।
झाँसी मंडल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल अधिकृत वेंडरों से ही खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान खरीदें तथा यात्रा को सुरक्षित एवं सुखद बनाने में सहयोग करें।
इसी क्रम में आज दिनांक 22.09.2025 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के मार्गदर्शन तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में डॉ सुनीता तिर्की (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने महिलाओं के लिए स्तन एवं सर्वाइकल केंसर की शीघ्र पहचान हेतु शिविर का आयोजन किया गया I शिविर में महिलाओं हेतु स्त्री एवं स्तन संबंधी रोगों की शीघ्र पहचान एवं रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी गई तथा नियमित स्व:जांच, स्क्रीनिंग, HP-PV टीका और स्वास्थ्य जीवन शैली अपनाने की सलाह दी गयी I समय पर पता लगने और इलाज से इन दोनों कैंसर से बचा जा साकता है I इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की सलाह प्राप्त की।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. शेख सुखानी, श्रीमती वीना रावत एवं श्रीमती संतोषी द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभायी गयी I
*****
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरूद्ध कुमार के कुशल नेतृत्व तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रेम प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में झांसी मंडल पर राजभाषा पखवाड़ा-2025 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस पखवाड़े का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रोत्साहन को बढ़ावा देना है।
इस क्रम में 14 सितंबर 2025 से मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जिसमें उरई, ग्वालियर तथा ललितपुर स्टेशनों पर राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा चुका है।
इसी श्रृंखला में आज दिनांक 22 सितंबर 2025 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कार्मिक विभाग मीटिंग रूम में हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता दो शिफ्टों में संपन्न हुई जिसमें कुल 38 कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी हिंदी लेखन क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिससे न केवल हिंदी भाषा की समृद्धि एवं अभिव्यक्तिगत क्षमता उजागर हुई बल्कि कर्मचारियों में राजभाषा के प्रति उत्साह और आत्मीयता का भी परिचय मिला।
झांसी मंडल प्रशासन का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित करना तथा कार्य संस्कृति में हिंदी के व्यापक उपयोग को सुनिश्चित करना है
झांसी, 22.09.2025। स्वच्छता ही सेवा 2025 के अंतर्गत झांसी मंडल में स्वच्छोत्सव पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आज 3R सिद्धांत – रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल के पालन के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बेसिक ट्रेनिंग सेंटर, कैरेज एंड वैगन के कर्मचारियों ने अपने रचनात्मक योगदान से कबाड़ (स्क्रैप) को आकर्षक और उपयोगी रूप में ढालकर विभिन्न आकृतियाँ तैयार कीं। कर्मचारियों ने कबाड़ से पक्षी, सेना के जवान, काम करते कारीगर जैसी आकृतियाँ बनाकर 3R सिद्धांत के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
इसी क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, दतिया, ग्वालियर, खजुराहो, आदि सभी प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को कपड़े की थैली वितरित कर स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों दोनों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रिसाइक्लिंग के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणा देती हैं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और रचनात्मकता को भी बढ़ावा देती हैं। स्वच्छोत्सव के अंतर्गत आयोजित ये गतिविधियाँ झांसी मंडल में स्वच्छता अभियान को नए उत्साह और गति प्रदान कर रही हैं
ओरछा में 23 सितम्बर से शुरू होगा नया LHS, 1500 वाहनों को रोज़ मिलेगा राहत
झांसी, 23.09.2025: झांसी रेल मंडल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ा तोहफा लेकर आया है। ओरछा में निर्मित नया सीमित ऊँचाई उपमार्ग (Limited Height Subway – LHS संख्या 371) दिनांक 23 सितम्बर 2025 को दोपहर 2.00 बजे को शुरु कर दिया जाएगा। यह उपमार्ग शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आमजन को समर्पित किया जा रहा है। यह उपमार्ग आम नागरिकों को बड़ी राहत देगा।
यह उपमार्ग लगभग 200 मीटर लंबा और 7 मीटर चौड़ा है। इसमें 6.0 मीटर × 2.75 मीटर के ब्रिज सेगमेंट और 28 मीटर की बैरल लंबाई बनाई गई है। करीब 5.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना प्रतिदिन लगभग 1500 वाहनों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी।
इस उपमार्ग के निर्माण से दो पहिया एवं चार पहिया वाहन निर्बाध रूप आवागमन कर सकेंगे। साथ बड़े वाहनों के लिए पुराना सब वे चालू रहेगा। यह सुविधा न केवल समय की बचत करेगी बल्कि सड़क यातायात की सुरक्षा और सुगमता भी सुनिश्चित करेगी। नवरात्रि के पावन दिनों में श्रीरामराजा सरकार के दर्शन हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी रेल मंडल क्षेत्र के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। ओरछा का यह नया सीमित ऊँचाई उपमार्ग स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है और निश्चित रूप से क्षेत्रीय यातायात को सुगम बनाएगा। हमारा लक्ष्य है कि भविष्य में भी इसी प्रकार की परियोजनाओं के माध्यम से जनता को आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
रेल कर्मचारियों को यूनीफाइड पेंशन स्कीम (यू.पी.एस.) के प्रावधानों, गारन्टीड पेंशन, न्यूनतम मासिक पेंशन ₹10,000/-, विकल्प बदलने की प्रक्रिया सहित विकल्प चुनने की अन्तिम तिथि 30.09.2025 के विषय में जागरूक करने तथा तकनीकी समस्याओं के चलते ऑफलाइन आवेदन प्रेषित करने हेतु एवं SBI रेलवे सैलरी पैकेज के लाभों से अवगत कराने के उद्देश्य से मण्डल रेल प्रबन्धक झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी झाँसी श्री राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में झाँसी मंडल में जागरूकता शिविर व सहायता केन्द्र आयोजित किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनाँक 22.09.2025 को झाँसी एवं महोबा रेलवे स्टेशन पर शिविर आयोजित किये गये, जिनमें लगभग 125 रेल कर्मचारियों को एकीकृत पेंशन योजना (यू.पी.एस.) के विषय में जागरूक कर यू.पी.एस. फॉर्म वितरित किये गये। साथ ही लगभग 250 कर्मचारियों को रेलवे सैलरी पैकेज खाते के रियायती लॉकर किराया, उन्नत बीमा कवर, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं एवं अतिरिक्त मानार्थ सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर 25 कर्मचारियों के खातों को उनकी सहमति पर तुरन्त ही रेलवे सैलरी पैकेज में परिवर्तित किया गया तथा मौके पर ही 14 नये आर.एस.पी. खाते खोले गये